ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ: मल्लाही टोला प्रथम वार्ड में मंजू टंडन ढाल के पास स्थित खुले नाले में दिनांक 12 जुलाई 2025 को एक युवक की गिरने से मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार स्वयं तत्काल मौके पर पहुंचे। उनके साथ अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता एवं उनकी टीम, सुएज की टीम सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर एसडीआरएफ की टीम के सहयोग से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कई घंटों की खोजबीन के बाद रविवार को युवक का शव बरामद किया जा सका।
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने घटना का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पूरे नगर निगम अमले को सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी अपर नगर आयुक्तों, मुख्य अभियंता, जोनल अधिकारियों, जोनल सेनेटरी अधिकारियों, सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों समेत नगर निगम के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पूरे शहर में विशेष अभियान चलाया जाए।
इस अभियान के अंतर्गत जिन नालों और मैनहोल की सफाई की गई है, लेकिन अब तक उन्हें कवर नहीं किया गया है, उन्हें तत्काल प्रभाव से कवर किया जाए। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त हो चुके नालों के कवर को तत्काल सही कराया जाए। साथ ही नगर निगम द्वारा 24 घंटे नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) से पूरे शहर की निगरानी की जा रही है, ताकि इस तरह की किसी भी अन्य संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
प्रथम दृष्टया जांच में यह स्पष्ट हुआ कि नाले की समुचित कवरिंग न होने के लिए सफाई ठेकेदार श्री अंकित कुमार की लापरवाही है। क्षेत्रीय अभियंता की रिपोर्ट में यह लापरवाही सामने आने पर श्री अंकित कुमार के विरुद्ध FIR दर्ज कराई गई है तथा उनकी फर्म अनिका इंटरप्राइजेज के ब्लैकलिस्ट किए जाने की कार्रवाई की गई है। साथ ही निदेशक, स्थानीय निकाय द्वारा नगर आयुक्त की संस्तुति पर अवर अभियंता श्री रमन कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है एवं उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही संस्थित कर दी गई है।
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि नगर निगम लापरवाही को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे यदि कहीं खुले नाले या मैनहोल देखें तो तुरंत निगम को टोल फ्री नंबर 1533 पर सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।