लखनऊ चार जोनों में चला विशेष अतिक्रमण अभियान साथ ही वसुला गया जुर्माना और किया गयासामान जब्त

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ। शहर में लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनज़र माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के निर्देश और नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेशानुसार सोमवार को नगर निगम द्वारा कई जोनों में एक साथ अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। विभिन्न जोनों के जोनल अधिकारियों के नेतृत्व में चलाए गए इन अभियानों में सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया तथा अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई।

जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री अमरजीत यादव के नेतृत्व में टेढ़ी पुलिया से गुडंबा थाने तक अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान कई अतिक्रमणकारियों पर ₹14,000 का जुर्माना लगाया गया और दो ट्रक सामान जब्त किया गया। प्रवर्तन दल (296) और पुलिस बल की सहायता से अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

जोन-5 में जोनल अधिकारी श्री नंदकिशोर, कर अधीक्षक श्री आलोक कुमार श्रीवास्तव और राजस्व निरीक्षक श्री राजू कुमार के नेतृत्व में चंदर नगर भूमिगत पार्किंग से आलमबाग मेट्रो स्टेशन तक का क्षेत्र चिन्हित किया गया। यहां से ठेले, गुमटी, काउंटर सहित अस्थायी अतिक्रमण हटाते हुए 05 काउंटर, 04 लोहे की मेज और 08 ठेले हटाए गए। अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी दी गई।

जोन-6 में बुद्धेश्वर मंदिर और चौराहे के आसपास सावन माह को देखते हुए अतिक्रमणकारियों ने अस्थायी दुकानों और ठेलों के माध्यम से स्थान घेर लिया था। जोनल अधिकारी श्री मनोज यादव, कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, राजस्व निरीक्षक श्री आशीष कुशवाहा और 296 प्रवर्तन टीम की निगरानी में 20 ठेले और 15 अस्थायी दुकानें हटवाई गईं। साथ ही संबंधित थानाध्यक्ष को पत्र प्रेषित कर भविष्य में पुनः अतिक्रमण न होने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

जोन-8 में शारदा नगर प्रथम वार्ड, डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, पावर हाउस से लेकर शहीद पथ तक दोनों ओर की पटरियों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। आईजीआरएस पोर्टल पर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आज वृहद अभियान चलाया गया। इस दौरान कुछ दुकानदारों द्वारा विरोध करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई, जिस पर पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर विधिक कार्यवाही करते हुए थाने में तहरीर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *