ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो चीफ अरुण प्रताप सिंह
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को रूस को सीधी धमकी दी. ट्रंप ने कहा कि अगर रूस ने 50 दिनों के भीतर यूक्रेन से युद्ध नहीं रोका, तो अमेरिका रूस पर 100 फीसदी टैरिफ (आयात शुल्क) लगा देगा. ये चेतावनी उन्होंने व्हाइट हाउस में डच प्रधानमंत्री मार्क रुटे के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी. ट्रंप ने साफ कहा, ‘मैं व्यापार का इस्तेमाल बहुत चीजों के लिए करता हूं, लेकिन युद्ध खत्म कराने के लिए ये सबसे कारगर हथियार है.’ उनके बयान के तुरंत बाद रुटे ने भी कहा कि नाटो और अमेरिका मिलकर यूक्रेन को भारी संख्या में हथियार मुहैया कराएंगे.
पुतिन पर भड़के ट्रंप
ट्रंप की नाराजगी सिर्फ टैरिफ की धमकी तक सीमित नहीं रही. उन्होंने पुतिन के दोहरे रवैये पर भी हमला बोला. ट्रंप ने कहा, ‘मैं समझता था कि वो अपने शब्दों का मतलब समझता है. वो बहुत खूबसूरत तरीके से बात करता है, लेकिन रात में बम बरसाता है. ऐसा दोगलापन हमें पसंद नहीं.’ ट्रंप ने यह भी कन्फर्म किया कि अमेरिका की तरफ से यूक्रेन को ‘पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम’ भेजा जा रहा है.
ट्रंप की बदली रणनीति
युद्ध की शुरुआत में ट्रंप को पुतिन समर्थक रवैये के लिए आलोचना झेलनी पड़ी थी. उन्होंने कई बार रूसी राष्ट्रपति की तारीफ की थी. लेकिन अब ट्रंप का रुख पूरी तरह सख्त दिख रहा है. उन्होंने न सिर्फ पुतिन की आलोचना की बल्कि यह भी जताया कि अमेरिका अब ‘सिर्फ बातचीत’ के बजाय दबाव की रणनीति अपनाएगा.
दूसरी ओर ट्रंप अब यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ भी नरमी दिखा रहे हैं. फरवरी में ओवल ऑफिस में दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई थी, लेकिन अब ट्रंप न सिर्फ पैट्रियट सिस्टम भेज रहे हैं बल्कि आर्थिक और तकनीकी सहयोग बढ़ाने की बात भी कर रहे हैं.
अमेरिकी हथियारों से भरता युद्ध
ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘हजारों करोड़ डॉलर के अमेरिकी हथियार नाटो के जरिए सीधे यूक्रेन के युद्धक्षेत्र में पहुंच रहे हैं. इसमें एयर डिफेंस, मिसाइल और ड्रोन टेक्नोलॉजी शामिल है.’ इस बीच, ट्रंप के विशेष दूत कीथ कैल्लॉग कीव पहुंचे हैं. उन्होंने राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की. जेलेंस्की ने इस मीटिंग को ‘उत्पादक’ बताया और कहा कि अब अमेरिका, यूरोप और यूक्रेन मिलकर डिफेंस प्रोडक्शन और खरीद में भी साझेदारी करेंगे.
रूस ने दो गांवों पर कब्जा किया
अमेरिका-यूक्रेन के बीच नई सामरिक साझेदारी की घोषणाओं के बीच रूस ने भी अपना मोर्चा मजबूत किया है. सोमवार को रूस की सेना ने डोनेट्स्क और जापोरिज्झिया क्षेत्र में दो गांवों पर कब्जा करने का दावा किया. वहीं, खारकीव और सुमी में रूसी हमले में तीन आम नागरिकों की मौत हो गई.