यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
– शहरवासियों की शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु सभी विभाग रहेंगे उपस्थित
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह के प्रथम शुक्रवार को आयोजित किए जाने वाले संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन इस बार 01 अगस्त, शुक्रवार को किया जाएगा। यह कार्यक्रम त्रिलोकनाथ सभागार, नगर निगम मुख्यालय, लालबाग में प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
घर के टैक्स, जल आपूर्ति, सफाई व अन्य समस्याएं होंगी हल
GIS सर्वेक्षण के बाद कई भवन स्वामियों द्वारा कर निर्धारण को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। इन आपत्तियों के समाधान हेतु नागरिक इस संपूर्ण समाधान दिवस में भाग ले सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जलकल विभाग, सफाई व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, सीवर लाइन, कूड़ा उठान सहित अन्य शहरी नागरिक सेवाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे।
नगर निगम की अपील – समय से पहुंचें, दस्तावेज साथ लाएं
नगर निगम लखनऊ ने शहरवासियों से अनुरोध किया है कि वे 01 अगस्त को समाधान दिवस में समय से पहुंचें और अपनी शिकायत से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं, ताकि उनकी समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान किया जा सके।
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने कहा कि समाधान दिवस केवल शिकायतों के निस्तारण का माध्यम नहीं, बल्कि यह जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का एक सशक्त मंच है। नगर निगम का उद्देश्य है कि नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की उपस्थिति में उनकी समस्याओं का समाधान मिले, जिससे उनकी भागदौड़ और समय दोनों की बचत हो।
नगर निगम का यह प्रयास नागरिक सेवाओं को प्रभावी, पारदर्शी और जनसुलभ बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।