लखनऊ नगर निगम का अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का सघन अभियान, कई इलाकों में हटाए गए ठेले, गुमटियां और दुकाने

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार फैल रहे अवैध अतिक्रमण और यातायात में हो रही बाधाओं को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को एक सघन और बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह अभियान माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के निर्देश और नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेश पर संचालित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर की सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराना और नागरिकों को निर्बाध एवं सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।

अभियान की शुरुआत जोन-5 क्षेत्र के अंतर्गत मवैया छत्ता से लेकर चारबाग मेट्रो स्टेशन होते हुए के.के.सी. तक की गई। इस क्षेत्र में पटरी पर फैलाए गए अस्थायी अतिक्रमण जैसे ठेले, खुमचे, गुमटी, काउंटर आदि को हटाया गया। अभियान के अंतर्गत 3 काउंटर, 4 लोहे की मेज, 2 गुमटी और 10 ठेले हटाए गए। अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई जोनल अधिकारी श्री नंदकिशोर के नेतृत्व में कर अधीक्षक श्री आलोक कुमार श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक श्री पीयूष तिवारी, प्रवर्तन दल (296) और पुलिस बल की उपस्थिति में की गई।

इसी प्रकार, जोन-6 में जोनल अधिकारी श्री मनोज यादव के नेतृत्व में दुबग्गा से अंधे की चौकी तक अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पूर्वाह्न 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक चली, जिसमें पुलिस बल की मौजूदगी में 25 से अधिक अवैध बोर्ड और बैनर हटाए गए। साथ ही, 16 गुमटियों को हटाया गया और 10 अस्थायी छप्पर भी ध्वस्त किए गए। सड़क पर अवैध रूप से संचालित बालू-मौरंग की दुकानों को भी हटाया गया।

जोन-7 में जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के नेतृत्व में सूगामऊ से मानस चौराहे तक अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान 3 लोहे के काउंटर, 10 कुर्सियां, 4 ठेले, 2 ठेलियां और 4 गुमटियां हटाई गईं। साथ ही पुनः अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई। इस कार्यवाही में कर अधीक्षक श्री राम अचल, राजस्व निरीक्षक श्रीमती नूपुर यादव, ई.टी.एफ. और प्रवर्तन दल 296 की टीमें उपस्थित रहीं।

नगर निगम लखनऊ द्वारा चलाया गया यह सघन अभियान नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर की दिशा में एक मजबूत कदम है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *