ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने जोन-1 के पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और नगर निगम की योजनाओं की समीक्षा की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जोन में जनता से संबंधित मुद्दों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और विकास कार्यों को गति प्रदान करना था।
बैठक में नगर निगम जोन-1 के माननीय पार्षद एवं भाजपा पार्षद दल उपनेता श्री सुशील तिवारी ‘पम्मी’ जी, नेता पार्षद दल (सपा) श्री कामरान बेग जी, पार्षद श्री नागेंद्र सिंह चौहान जी, पार्षद श्री शफीकुर्रहमान ‘चचा’ जी, पार्षद श्री सैयद यावर हुसैन रेशु जी, पार्षद श्री आशीष कुमार हितेषी जी एवं पार्षद श्री अमित चौधरी जी मौजूद रहे। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, श्री अरुण कुमार गुप्त, सहायक नगर आयुक्त श्री विकास सिंह, श्री रामेश्वर प्रसाद, चीफ इंजीनियर सिविल श्री महेश वर्मा, चीफ इंजीनियर आरआर श्री मनोज प्रभात, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री विनय राय, जोनल अधिकारी ओम प्रकाश, जोनल सेनेटरी अधिकारी, एसएफआई, कर अधीक्षक, कर निरीक्षक समेत जोन-1 के सभी जिम्मेदार अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
महापौर महोदया ने बैठक के दौरान टैक्स संग्रह की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को राजस्व वृद्धि पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टैक्स वसूली नगर निगम की रीढ़ है, और इसके माध्यम से ही शहर के विकास कार्य सुचारू रूप से संचालित किए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टैक्स जमा करने में लापरवाही बरतने वाले संपत्ति स्वामियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
अभियंत्रण विभाग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए महापौर ने कहा कि सड़क निर्माण, मरम्मत और मार्ग प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खराब स्ट्रीट लाइट्स को तत्काल बदला जाए, ताकि नागरिकों को रात्रिकालीन असुविधा न हो।
बैठक में वेंडिंग जोन की समस्या पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। महापौर ने कहा कि वेंडिंग जोन को सुव्यवस्थित कर छोटे व्यापारियों और आमजन दोनों को सुविधा प्रदान की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध अतिक्रमण और अव्यवस्थित दुकानों के कारण यातायात बाधित होता है, इसलिए इस दिशा में ठोस कार्यवाही की जाए।
जलकल और सीवर व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महापौर ने कहा कि नालियों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित हो और जलभराव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बरसात के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
महापौर ने विशेष रूप से सफाई व्यवस्था पर जोर दिया और कहा कि जोन-1 को आदर्श जोन के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि वार्ड स्तर पर नियमित रूप से सफाई हो और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्षदगणों द्वारा नगर निगम को भेजे गए पत्रों और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि पार्षदगण जनता की आवाज हैं और उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों का समाधान करना नगर निगम की जिम्मेदारी है।
बैठक के अंत में महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम प्रशासन और पार्षदगण मिलकर ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बना सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि सभी कार्य योजनाबद्ध तरीके से और पारदर्शिता के साथ संपन्न हों।