नगर निगम लखनऊ का अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी प्रमुख सड़कों से हटाए गए अस्थाई ढांचे

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात बाधाओं को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने मंगलवार को व्यापक और बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के निर्देश और नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेश पर की गई। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना तथा प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराना है।

नगर आयुक्त के आदेशों के अनुपालन में पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में जोन-2 क्षेत्र के अन्तर्गत कार्रवाई की गई। इस अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी सुश्री शिल्पा कुमारी ने किया। उनके साथ अभियंत्रण विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा 296 की संयुक्त टीम मौजूद रही।

अभियान के तहत वार्ड मोतीलाल नेहरू चंद्रभानु गुप्त नगर क्षेत्र में बांस मंडी चौराहे से नाका चौराहे होते हुए हैदर कैनाल तक अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए। इस कार्रवाई में 1 काउंटर, 2 मेज़, 4 बोर्ड और फ्लेक्स को जब्त किया गया। वहीं, अतिक्रमण व गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध चालान काटकर ₹3000 का जुर्माना भी वसूला गया।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मकसद केवल अतिक्रमण हटाना ही नहीं, बल्कि लोगों में यह संदेश देना भी है कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम का कहना है कि यदि लोग खुद पहल करके अतिक्रमण हटाते हैं, तो भविष्य में कार्रवाई और जुर्माने से बच सकते हैं।

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए नगर निगम लगातार सक्रिय है। नागरिकों से अपील है कि वे नियमों का पालन करें और शहर को स्वच्छ, सुंदर तथा यातायात अवरोध मुक्त बनाने में सहयोग दें।

नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने स्पष्ट किया कि अभियान निरंतर जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अतिक्रमण करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *