लखनऊ नगर निगम ने वर्षा ऋतु में संचारी रोगों की रोकथाम हेतु व्यापक सफाई अभियान की शुरुआत की

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ: वर्षा ऋतु में बढ़ने वाले संचारी रोगों और वेक्टर जनित बीमारियों को रोकने के उद्देश्य से नगर निगम लखनऊ ने बुधवार से एक व्यापक सफाई अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर 20 अगस्त से 30 अगस्त तक पूरे शहर में चलाया जाएगा। अभियान का लक्ष्य है शहर को स्वच्छ एवं संक्रमण मुक्त बनाकर आमजन को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना।

अभियान के तहत नगर निगम ने शहर के 110 वार्डों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है, जो प्रतिदिन अपने आवंटित वार्डों का दौरा कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। हर अधिकारी को अपने वार्ड की साफ-सफाई, नालियों, सीवर लाइन, कूड़ा प्रबंधन, और जलापूर्ति की स्थिति का निरीक्षण करना है। समस्याएं मिलने पर तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बुधवार को अभियान की शुरुआत विक्रमादित्य-महात्मा गांधी वार्ड में अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, मा. लालजी टंडन वार्ड में अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, लेबर कॉलोनी वार्ड में अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त, फैजुल्लागंज-द्वितीय वार्ड में चीफ इंजीनियर सिविल श्री महेश वर्मा, मौलाना कल्बे आबिद वार्ड में चीफ इंजीनियर आरआर श्री मनोज प्रभात, बाबू कुंज बिहारी-ओम नगर वार्ड में नगर स्वास्थ्य अधिकारी श्री प्रवीन श्रीवास्तव, अम्बर गंज वार्ड में मुख्य वित्त लेखाधिकारी श्री महामिलिंद लाल, खरगापुर-सरसवा वार्ड में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री अशोक सिंह, बाबू बनारसी दास वार्ड में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री विनय राय, मशकगंज-वजीरगंज वार्ड में सहायक नगर आयुक्त श्री विनीत सिंह, मोती लाल नेहरू-चन्द्र भानु गु. नगर सहायक नगर आयुक्त श्री विकास सिंह, लोहिया नगर वार्ड में सहायक नगर आयुक्त श्री रामेश्वर प्रसाद ने वार्डों में सफाई की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया।

सुबह 7 बजे से शुरू हुए निरीक्षण में गंदगी के ढेर, सीवर लाइन की लीकेज, जल स्रोतों का दूषित होना, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की नियमितता, खाली प्लॉटों और पार्कों की साफ-सफाई तथा नालियों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। निरीक्षण के दौरान जहां भी गंदगी या समस्या पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से समाधान के निर्देश जारी किए और सफाई कार्य तीव्र गति से कराने का आश्वासन दिया।

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि बारिश के मौसम में कीट एवं मच्छरों के प्रकोप से फैलने वाली बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि के प्रसार को रोकने के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। इसके तहत विशेष रूप से जल जमाव वाले स्थलों पर नियमित जांच एवं कीटनाशक छिड़काव भी सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सफाई का ध्यान रखें, पानी जमा न होने दें तथा नगर निगम को सफाई संबंधित समस्याओं की जानकारी तुरंत दें।

नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने कहा, “शहर की स्वच्छता और नागरिकों का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है। इस वर्षा ऋतु अभियान के माध्यम से हम संचारी रोगों के प्रसार को रोकने के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। नोडल अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे अपने वार्ड की स्थिति पर सतत नजर रखें और जनता की समस्या का त्वरित समाधान करें। यह अभियान 30 अगस्त तक चलाया जाएगा और इसके दौरान लगातार निरीक्षण व सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे ताकि वर्षा ऋतु में स्वास्थ्य संबंधी जोखिम न्यूनतम हों।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *