ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने भवन स्वामियों को गृहकर पर 10 प्रतिशत छूट और अनआवासीय भवनों पर 5 प्रतिशत छूट का अंतिम अवसर उपलब्ध कराने के लिए रविवार को पूरे शहर में विशेष गृहकर वसूली एवं कर निर्धारण कैंप आयोजित किए।
छूट का अंतिम दिन होने के कारण बड़ी संख्या में भवन स्वामी इन शिविरों में पहुँचे और अपना गृहकर एवं यूजर चार्ज जमा किया। नगर निगम ने रविवार के अवकाश के बावजूद सभी जोन कार्यालयों और मुख्यालय स्थित कर काउंटर को भी खोला, ताकि कोई भी करदाता इस अवसर से वंचित न रह जाए।
*अभियान की निगरानी और संचालन*
इस विशेष अभियान की निगरानी मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री अशोक सिंह एवं श्री विनय कुमार राय के नेतृत्व में की गई। प्रत्येक जोन में संबंधित जोनल अधिकारियों ने सक्रिय रहकर शिविरों का संचालन किया।
जोन-1 : मौलवीगंज वार्ड – श्री ओम प्रकाश सिंह।
जोन-2 : राजा बाजार, राजेंद्र नगर, ऐशबाग एवं अंबेडकर नगर वार्ड – सुश्री शिल्पा कुमारी।
जोन-3 : मनकामेश्वर वार्ड – श्री अमरजीत यादव।
जोन-5 : चित्रगुप्त नगर, रामजीलाल नगर, गुरु गोविंद सिंह एवं बाबू कुंज बिहारी प्रथम वार्ड – श्री नंदकिशोर।
जोन-6 : जोनल अधिकारी श्री मनोज यादव के नेतृत्व में कन्हैया माधवपुर द्वितीय, न्यू हैदरगंज द्वितीय, शीतला देवी, अंबरगंज, न्यू हैदरगंज तृतीय, भवानीगंज, आचार्य नरेन्द्र देव, हुसैनाबाद एवं न्यू हैदरगंज प्रथम में विशेष शिविर लगाया गया।
जोन-7 : इस्माइलगंज प्रथम वार्ड – श्री संजय यादव।
जोन-8 : इब्राहिमपुर प्रथम, इब्राहिमपुर द्वितीय एवं राजा बिजली पासी वार्ड – श्री अजीत राय।
सभी जोनों में कर निर्धारण, कर वसूली एवं आपत्ति निस्तारण का कार्य सहज और पारदर्शी तरीके से किया गया।
*उल्लेखनीय उपलब्धियाँ*
शाम 6 बजे तक नगर निगम ने कुल ₹1.35 करोड़ की कर वसूली की।
– जोन-1 : श्री ओम प्रकाश सिंह व उनकी टीम ने ₹29.42 लाख की सबसे अधिक वसूली की।
– जोन-4 : श्री संजय यादव एवं उनकी टीम ने ₹26.52 लाख की वसूली कर उल्लेखनीय कार्य किया।
अन्य जोनों में भी वसूली की स्थिति संतोषजनक रही और करदाताओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की।
*नगर आयुक्त का संदेश*
अभियान की सफलता पर नगर आयुक्त महोदय ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी और कहा –
> *”अवकाश के दिन भी नगर निगम टीम ने वित्तीय हित एवं नागरिकों की सुविधा के लिए जो सेवा प्रदान की है, वह सराहनीय है। लखनऊ नगर निगम इसी उत्साह और प्रेरणा के साथ भविष्य में भी राजस्व वसूली में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करेगा।”*
*करदाताओं की प्रतिक्रिया*
छूट का अंतिम अवसर होने के कारण सभी जोनों के शिविरों में करदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ऑन-द-स्पॉट वसूली की व्यवस्था ने नागरिकों को काफी राहत दी। लोगों ने नगर निगम की इस पहल को पारदर्शी और समय की बचत करने वाला कदम बताया।