ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ नगर निगम लखनऊ ने अगस्त 2025 के महीने में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान प्लास्टिक उपयोग और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल ₹9,34,100 का राजस्व जुटाया गया।
निगम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 अगस्त से 31 अगस्त तक पूरे शहर में संयुक्त रूप से 235 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त किया गया। इस कार्रवाई के तहत 508 चालान काटे गए और ₹6,10,550 की वसूली की गई। इसके अतिरिक्त, गंदगी फैलाने (लिटरिंग) के मामलों में 848 चालान किए गए जिनसे ₹3,23,550 की वसूली हुई। इस प्रकार केवल एक महीने में निगम ने प्लास्टिक और लिटरिंग से कुल ₹9.34 लाख का राजस्व अर्जित किया।
*जोनवार प्रदर्शन*
जोनवार वसूली के आंकड़े भी महत्वपूर्ण रहे।
– जोन-02 सबसे आगे रहा, जहाँ 75 प्लास्टिक चालान और 159 लिटरिंग चालान से कुल ₹2,35,450 की वसूली हुई।
– जोन-04 में 40 प्लास्टिक चालान और 146 लिटरिंग चालान से ₹1,41,450 का राजस्व प्राप्त हुआ।
– जोन-01 में 31 प्लास्टिक चालान और 28 लिटरिंग चालान से ₹1,35,700 की वसूली हुई।
– जोन-05 भी पीछे नहीं रहा, जहाँ 63 प्लास्टिक और 165 लिटरिंग चालान के माध्यम से ₹1,33,700 की वसूली दर्ज की गई।
– जोन-03 में सर्वाधिक 110 प्लास्टिक और 143 लिटरिंग चालान किए गए, जिनसे ₹1,25,550 का राजस्व प्राप्त हुआ।
– वहीं जोन-06 ने ₹35,850, जोन-07 ने ₹52,700 और जोन-08 ने ₹73,700 की वसूली दर्ज की।
*कड़ी निगरानी और कार्रवाई*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने बताया कि शहर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत न केवल चालान किए गए बल्कि बड़ी मात्रा में प्लास्टिक जब्त की जा रहीं हैं। निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि लिटरिंग यानी सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।
*नागरिकों से अपील*
निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग न करें और गंदगी फैलाने से बचें। नागरिकों को प्रोत्साहित किया गया है कि वे कूड़ा केवल कूड़े वाली गाड़ी में ही डालें और पर्यावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग दें।
नगर निगम ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले महीनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा। इसके लिए विशेष निगरानी टीमों का गठन किया जा रहा है, जो बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार गश्त करेंगी।