पंजाब में बाढ़ से हालात बिगड़े, राज्य आपदा प्रभावित घोषित

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी

पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात गंभीर होते देख राज्य सरकार ने पूरे पंजाब को आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है। अब तक राज्य के सभी 23 जिलों के करीब 1400 गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं।

राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर पंजाब के सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान 7 सितंबर तक बंद रहेंगे। इसमें स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और पॉलिटेक्निक भी शामिल हैं।

राहत पैकेज की मांग

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि इन राज्यों के किसानों और बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की जाए।
राहुल गांधी ने कहा, “हजारों परिवार इस कठिन समय में अपने घर और जीवन को बचाने की जद्दोजहद कर रहे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार का तत्काल सहयोग बेहद जरूरी है।”

अब तक 30 लोगों की मौत

पंजाब में बाढ़ से अब तक 30 लोगों की जान जा चुकी है। राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन सेना के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य चला रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र से 6 हजार करोड़ रुपये की आपातकालीन सहायता की मांग की है।
पंजाब पुलिस के अधिकारी भी आगे आए हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने एक दिन का वेतन देने का संकल्प लिया है। सरकार का कहना है कि प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *