जलकल विभाग में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान, महापौर ने की विदाई समारोह में शिरकत

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ नगर निगम लखनऊ के जलकल विभाग में 31 अगस्त 2025 को सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के सम्मान में सोमवार को ऐशबाग स्थित जलकल मुख्यालय में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महापौर ने रिटायर्ड कर्मचारियों को शॉल और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया और उनके योगदान को सराहा।

महापौर ने अपने उद्बोधन में कहा कि कर्मचारी किसी भी संस्थान की रीढ़ होते हैं। वर्षों तक अपनी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने वाले कर्मचारियों का योगदान सदैव यादगार रहता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम परिवार अपने रिटायर्ड कर्मचारियों के अनुभव और सेवाओं के लिए हमेशा ऋणी रहेगा।

अधिशासी अभियंता श्री सचिन कुमार यादव ने बताया कि विदाई समारोह में 31 अगस्त को जलकल विभाग से कुल तीन कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए थे, जिनमें से सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में दो कर्मचारी सम्मिलित हुए। इनमें जोन-2 से लिपिक पद पर तैनात श्रीमती क्षमा अवस्थी और जोन-8 से लिपिक पद पर कार्यरत श्रीमती विभा रानी यादव शामिल रहीं। दोनों कर्मचारियों को सम्मानित कर विदाई दी गई।

इस मौके पर माननीय कार्यकारिणी सदस्य एवं क्षेत्रीय पार्षद आदरणीय श्री संदीप शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में वित्त अधिकारी श्री धर्मेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता श्री सचिन कुमार यादव, लेखा अधिकारी श्री पंकज सोती समेत विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने अपने विचार व्यक्त किए और रिटायर्ड कर्मचारियों के साथ बिताए गए कार्यकाल को याद किया।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अधिकारियों ने कहा कि नगर निगम परिवार अपने सेवानिवृत्त साथियों को सदैव याद रखेगा। कर्मचारियों की निष्ठा और कार्यकुशलता ने विभाग को मजबूती प्रदान की है, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी प्रेरणा के रूप में देखेंगी। महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने रिटायर्ड कर्मचारियों को सुखद और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *