156 घंटे महा सफाई अभियान का शुभारंभ, महापौर सुषमा खर्कवाल और पार्षदों की मौजूदगी में 110 वार्डों में चला विशेष अभियान

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ: लखनऊ नगर निगम द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” और “एक दिन – एक घंटा – एक साथ” अभियान के अंतर्गत आज 156 घंटे के महा सफाई अभियान का शुभारंभ हुआ। इस विशेष अभियान की शुरुआत जोन-8 के पावर हाउस चौराहा, विद्यावती तृतीय वार्ड से हुई। इस अवसर पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, जोन-8 के सभी माननीय पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

महापौर ने कहा कि यह अभियान केवल सफाई कार्य तक सीमित नहीं है बल्कि नागरिकों की जीवनशैली में स्वच्छता को शामिल करने का प्रयास है। “स्वच्छ लखनऊ का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब प्रत्येक नागरिक इसमें अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।”

स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत आज अंबेडकर नगर वार्ड, जोन-2 स्थित न्यू ऑलमाइटी स्कूल में बच्चों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के बारे में बताया गया। बच्चों ने मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया और शपथ ली कि वे सदैव अपने आस-पास सफाई रखेंगे। इसी क्रम में राजाजीपुरम, लेबर कॉलोनी और मोतीलाल नेहरू वार्ड में “एक दिन – एक घंटा – एक साथ” अभियान के तहत श्रमदान हुआ। गलियों और पिछली सड़कों की सफाई की गई तथा नागरिकों को सफाई और स्वच्छ आदतों का महत्व बताया गया।

अटल विहारी वार्ड में नागरिकों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के महत्व से अवगत कराया गया। हिंद नगर और शारदा नगर वार्डों में लोगों ने एकल उपयोग प्लास्टिक से परहेज करने और स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली। विद्यावती वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यहां महापौर स्वयं श्रमदान में शामिल हुईं और निवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

जोन-4 और 7 के हुसड़िया, हनुमान और भूतनाथ मार्केट में नगर निगम की टीम ने दुकानदारों को चार रंगों के डस्टबिन (नीला- सूखा, हरा- गीला, काला- घरेलू हानिकारक और पीला- सैनिटरी वेस्ट) के उपयोग के बारे में जानकारी दी। साथ ही प्लास्टिक प्रदूषण के नुकसान समझाए।

जोन-5 के गीता पाली, चित्रगुप्त नगर और गुरु नानक वार्ड में गलियों की सफाई कर लोगों को कचरे के पृथक्करण का महत्व बताया गया। गोल मार्केट पार्किंग परिसर (जोन-3), भूतनाथ मंदिर परिसर (जोन-7) और ग्वारी चौराहा पर सामूहिक सफाई अभियान आयोजित किया गया। स्थानीय निवासियों, सफाई कर्मियों और अधिकारियों ने मिलकर क्षेत्र की सफाई की और सामूहिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

अभियान के दौरान नगर निगम ने कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया, ताकि स्वच्छता कर्मियों का स्वास्थ्य और कल्याण सुनिश्चित किया जा सके। वहीं आयकर विभाग और नगर निगम के कर्मचारियों ने कोल्विन कॉलेज वार्ड में गोमती नदी के किनारे विशेष सफाई अभियान चलाया। इसके अलावा हुसड़िया की झुग्गी बस्ती (वार्ड-100) में IEC टीम ने नागरिकों को साफ-सफाई और उसके स्वास्थ्य पर प्रभाव के बारे में जागरूक किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *