ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी तथा “जय जवान जय किसान” का नारा देने वाले भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर निगम परिवार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और दोनों महान विभूतियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत झंडारोहण से हुई। नगर निगम की महापौर माननीय श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने ध्वजारोहण कर देश की एकता और अखंडता के संकल्प को दोहराया। इसके उपरांत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने पुष्प अर्पित कर दोनों महापुरुषों को अपनी श्रद्धांजलि दी।
महापौर श्रीमती खर्कवाल ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के बल पर न केवल भारत को स्वतंत्रता दिलाई, बल्कि पूरी दुनिया को शांति और मानवीय मूल्यों की एक नई दिशा दी। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी ने अपने सादगीपूर्ण जीवन और “जय जवान जय किसान” जैसे अमर नारे के माध्यम से देश को एक नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान की। आज भी उनका जीवन देशवासियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की राह पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करता है।
इस मौके पर नगर निगम की उपाध्यक्ष श्रीमती चरणजीत गांधी जी, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, श्री अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव सहित सभी विभागाध्यक्ष, कर्मचारी नेता और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर दोनों महान विभूतियों की जयंती को स्मरणीय बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री जी जैसे नेताओं की जयंती केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हमें उनके विचारों और सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने का अवसर प्रदान करती है। उनके आदर्श ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं।