ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
मौके पर ही दिए निस्तारण के निर्देश, तीन कार्य दिवस में कार्रवाई के आदेश
लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को आयोजित जनता दरबार में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए तत्काल निर्देश जारी किए। इस मौके पर माननीय कार्यकारिणी की उपाध्यक्ष श्रीमती चरणजीत गांधी जी एवं माननीय पार्षदगण भी उपस्थित रहे। इस दौरान नगर निगम से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी के समक्ष लगभग 200 से अधिक नागरिकों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं। इनमें अतिक्रमण, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, मार्गप्रकाश (स्ट्रीट लाइट), टैक्स व भवन संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं। महापौर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही तलब किया और आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में कई ऐसे प्रकरण सामने आए जिनमें त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता थी। महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी शिकायतों का तीन कार्य दिवस के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में लापरवाही या देरी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी दौरान साउथ सिटी क्षेत्र से 50 से अधिक महिलाओं का एक समूह भी जनता दरबार में पहुंचा। उन्होंने अपनी क्षेत्रीय समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं। महिलाओं की प्रमुख शिकायत थी कि उनके क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब हैं और साफ-सफाई का कार्य नियमित रूप से नहीं हो रहा है। महापौर ने उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का दायित्व है कि शहर की हर गली और मोहल्ले में बुनियादी सुविधाएं बिना बाधा के उपलब्ध हों।
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को सुगम, पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन देना है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार जनता और प्रशासन के बीच संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए नागरिक सीधे अपनी समस्याएं रख सकते हैं और त्वरित समाधान पा सकते हैं।
महापौर श्रीमती खर्कवाल ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में जनता दरबार को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा नियमित रूप से की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण करते समय शिकायतकर्ता को संतुष्टिपूर्ण समाधान की जानकारी दी जाए।
जनता दरबार में आए नागरिकों ने माननीय महापौर के तत्पर रवैये और संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना की। नागरिकों ने कहा कि महापौर स्वयं आमजन की समस्याओं को सुनकर न केवल जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं, बल्कि प्रशासनिक तंत्र को भी सक्रिय बनाए हुए हैं।