नगर निगम में सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का हुआ सम्मान, मृतक आश्रितों को दिए गए नियुक्ति पत्र

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ में मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय पर एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समर्पित था जिन्होंने अपने जीवन के अमूल्य वर्ष नगर सेवा में लगाए और अब सेवानिवृत्ति के बाद नई जीवन यात्रा शुरू कर रहे हैं। इस अवसर पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, श्रीमती नम्रता सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारीगण, पार्षदगण एवं कर्मचारियों के परिवारजन भी मौजूद रहे।

समारोह के दौरान महापौर महोदया ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मान पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही निगम परिवार की ओर से उनके उज्जवल, स्वस्थ और सुखद भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों में —
श्री सुरेन्द्र कुमुद गुप्ता (लेखाकार), श्री किशोरी लाल (सहायक अभियंता), श्रीमती शिव देवी (अनुचर), श्री राम जीवन (बेलदार), श्री बच्चो लाल, श्री किशन लाल, मीरा, सुनीता, श्री हरि लाल, कामिनी, श्री नरेश, श्री गया प्रसाद, श्री ओमकार, श्री गंगा किशन और श्री प्रदीप कुमार (सभी सफाई कर्मी) शामिल रहे।

इन सभी कर्मचारियों ने अपने कार्यकाल में समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है। उन्होंने वर्षों तक शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुंदर बनाए रखने के लिए दिन-रात मेहनत की, जिसके लिए पूरा नगर निगम परिवार उनका ऋणी है।

कार्यक्रम के दौरान मृतक आश्रितों के स्थान पर साक्षी आर्या और बलवंत सिंह को अनुचर पद पर नियुक्ति पत्र माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी द्वारा प्रदान किए गए। महापौर महोदया ने कहा कि यह केवल एक नियुक्ति नहीं, बल्कि हमारे उन दिवंगत साथियों की सेवा भावना का सम्मान है, जिन्होंने अपने जीवनकाल में नगर की सेवा को अपना धर्म माना।

अपने उद्बोधन में महापौर श्रीमती खर्कवाल ने कहा कि “नगर सेवा केवल एक नौकरी नहीं, यह जीवनभर का समर्पण है। हमारे सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी इस शहर की धड़कन हैं। उनके योगदान से लखनऊ आज स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर के रूप में आगे बढ़ रहा है। नगर निगम परिवार उनके इस समर्पण को सदैव नमन करता है।”

उन्होंने आगे कहा कि सेवानिवृत्ति किसी सफर का अंत नहीं, बल्कि नए अनुभवों और समाज सेवा की नई राह की शुरुआत है। महापौर ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे अपने अनुभवों से नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करें।

कार्यक्रम के अंत में नगर निगम परिवार की ओर से सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएँ दी गईं और उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *