शहर में स्वच्छता अभियान तेज, नगर निगम ने अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों पर ठोका भारी जुर्माना

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– नगर निगम ने कुल ₹45,100 का जुर्माना ठोका

लखनऊ। शहर को स्वच्छ और खूबसूरत बनाने के उद्देश्य से नगर निगम लगातार अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, अतिक्रमण करने और सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रहा है। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर शहर के विभिन्न जोन में मंगलवार को बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाया गया, जिसमें कई लोगों पर जुर्माना किया गया और प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई।

*जोन 2 में कार्रवाई, ₹10,000 का जुर्माना*
जोन 2 में अवैध अतिक्रमण और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने की शिकायतों पर नगर निगम की टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया। टीम ने गंदगी फैलाने और अतिक्रमण करने पर ₹5,000 का चालान किया। इसके साथ ही सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के प्रयोग पर अतिरिक्त ₹5,000 का जुर्माना लगाया गया। यह पूरी कार्रवाई जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री राम शकल यादव के निर्देशन में हुई, जिसमें एसएफआई राजेश कुमार कुशवाहा और देवेंद्र कुमार वर्मा मौजूद रहे।

*जोन 3 में सबसे बड़ी कार्रवाई, ₹22,200 की वसूली*
जोन 3 में नगर निगम की टीम ने उमराव मॉल के निकट विवेकानंद पुल के नीचे बड़े स्तर पर अभियान चलाया। इस क्षेत्र में लंबे समय से प्रतिबंधित पॉलिथीन और गंदगी फैलाने की शिकायतें मिल रही थीं। अभियान के दौरान टीम ने अतिक्रमण और कूड़ा फैलाने पर 5 चालान काटकर कुल ₹14,500 का जुर्माना वसूला।

इसके अलावा, सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान चलाते हुए टीम ने 18.4 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की, 12 चालान जारी किए और ₹7,700 का अतिरिक्त जुर्माना वसूला। इस प्रकार, केवल जोन 3 में कुल ₹22,200 की कार्रवाई की गई।

यह पूरा अभियान जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री मनोज यादव के नेतृत्व में संचालित हुआ। अभियान में एसएफआई पुष्कर सिंह पटेल, आकांक्षा गोस्वामी, सुमित मिश्रा सहित अन्य निगम कर्मचारी शामिल रहे।

*जोन 5 में 25 चालान, ₹12,900 का जुर्माना*
जोन 5 में भी नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया। निरीक्षण के दौरान एसएफआई सुभाष कुमार चौधरी ने गंदगी फैलाने पर 25 चालान किए और कुल ₹11,900 का जुर्माना वसूला।

इसी के साथ, सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग करते पाए जाने पर एक व्यक्ति पर ₹1,000 का जुर्माना लगाया गया। टीम ने चेतावनी दी कि आगे भी प्लास्टिक उपयोग पाए जाने पर दोगुना दंड लगाया जाएगा।

नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने स्पष्ट किया है कि शहर को साफ-सुथरा रखना केवल निगम की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आगे भी अन्य जोनों में इसी प्रकार की नियमित कार्रवाई जारी रहेगी। अतिक्रमण, खुले में कचरा फेंकने और सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करने वालों पर किसी भी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखें, कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालें और प्लास्टिक का उपयोग कम कर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *