यूपी लाइव न्यूज 24 लखनऊ
सह संपादक कपिल गुप्ता रायबरेली
बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक को उमड़े भक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा
वाराणसी पवित्र श्रावण मास के पहले सोमवार को काशी महादेव की भक्ति के रंग में रंगी नजर आ रही है। बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन व जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। भोर से ही दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हो गया, जो देर रात तक चलेगा। बाबा के जलाभिषेक को पहुंचे कांवड़ियों व शिव भक्तों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम किए गए हैं।
इस बार सावन मास की शुरूआत सोमवार से हुई। ऐसे में सावन के पहले दिन ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार की रात से भी भक्त बाबा के दर्शन को लाइन में लग गए। सोमवार की भोर में मंगला आरती के बाद बाबा के दर्शन का क्रम शुरू हुआ। देर रात शयन आरती तक दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहेगा। पूरे दिन भर में लाखों भक्त बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर सकते हैं। श्री काशी विश्वनाथ धाम के चारों गेट के बाहर भक्तों की लंबी कतार लगी हुई है। काशी विश्वनाथ धाम से गोदौलिया चौराहा तक भक्तों की कतार है। भक्त एक-एक बाबा का दर्शन-पूजन और जलाभिषेक कर रहे हैं। इस दौरान हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा इलाका गुंजायमान हो रहा है
भक्तों ने कहा कि सावन के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने का मौका मिला, यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। रात दो बजे से ही लाइन में लगे थे, तब जाकर बाबा का दर्शन मिला। दर्शनार्थियों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर संतोष जताया। बोले, काफी सुंदर तरीके से धाम की सजावट की गई है, लेकिन भीड़ बहुत अधिक है। भक्तों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन मुस्तैद नजर आ रहा है
शिवभक्तों के लिए स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमें तैनात
सावन के पहले सोमवार को विश्वनाथ धाम में स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमें तैनात हो गई है। सावन भर ये टीमें तीन शिफ्ट में काम करेंगी। एक टीम में एक डॉक्टर, दो फार्मासिस्ट और एक स्टाफ नर्स हैं। कांवड़ियों के मार्ग पर जगह-जगह एम्बुलेंस तैनात रहेगी। टोल फ्री नंबर 108 पर कॉल पर लोग एम्बुलेंस की सहायता ले सकते हैं