ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ नगर निगम मुख्यालय में आयोजित जनता दरबार में गुरुवार को महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने नागरिकों की समस्याएँ सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनता दरबार में बड़ी संख्या में आए लोगों ने पेयजल, सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट सहित कई स्थानीय मुद्दों से जुड़े प्रकरण प्रस्तुत किए, जिन पर महापौर ने तुरंत संज्ञान लिया। इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार भी मौजूद रहे और विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जनता दरबार के दौरान पार्षदगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न गणमान्य नागरिकों ने महापौर से शिष्टाचार भेंट कर शहर के विकास से संबंधित सुझाव भी रखे। महापौर ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य नागरिकों को सीधी और त्वरित राहत प्रदान करना है, और नगर निगम इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेशवासियों के नाम जारी महत्वपूर्ण संदेश से भी अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री ने अवैध रूप से निवास कर रहे घुसपैठियों पर चल रही कानूनी कार्रवाई के संदर्भ में प्रदेशवासियों से सतर्क रहने और सहयोग करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को घरेलू या व्यावसायिक कार्य हेतु नियुक्त करने से पूर्व उसकी पहचान का सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए।
महापौर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बरकरार रखना और समाज में संतुलन बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक है कि मुख्यमंत्री का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचे, ताकि प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की सुरक्षा ही समृद्धि का आधार है और समाज का हर वर्ग इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाए—इसी भावना से जन-जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।