ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण पिंकू लखनऊ
लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए यह गर्व का विषय है कि शहर की बेटी मेनका सोनी ने अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य स्थित रेडमंड सिटी काउंसिल का चुनाव जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इतिहास रच दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद शुक्रवार को लखनऊ आगमन पर मेनका सोनी ने नगर निगम लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल से नगर निगम मुख्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों के बीच आत्मीय संवाद हुआ और मेनका सोनी की उपलब्धि पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता केके शुक्ला पार्षद सौरभ सिंह ‘मोनू’, अनुराग मिश्रा ‘अन्नू’ राघव राम तिवारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मेनका सोनी रेडमंड सिटी काउंसिल का चुनाव जीतने वाली पहली प्रवासी भारतीय-अमेरिकी महिला हैं। उनकी यह सफलता न केवल लखनऊ बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है। महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि मेनका सोनी की उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि भारतीय महिलाएं अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नेतृत्व क्षमता के बल पर वैश्विक मंच पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।
आगरा में जन्मी मेनका सोनी का बचपन और शिक्षा लखनऊ में ही हुई। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की और लगभग 20 वर्षों तक लखनऊ में रहकर अपने करिअर की मजबूत नींव रखी। यहीं से उन्होंने अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत की और बाद में वैश्विक स्तर पर अपने कौशल का विस्तार किया।
मेनका सोनी पिछले करीब 30 वर्षों से कॉर्पोरेट जगत से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने Microsoft, Starbucks, General Motors और T-Mobile जैसी विश्व की अग्रणी कंपनियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। अपने व्यापक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकारों के चलते उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कदम रखा और रेडमंड सिटी काउंसिल के चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
लखनऊ प्रवास के दौरान मेनका सोनी ने कहा कि यह शहर उनकी पहचान और संस्कारों की जड़ है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षकों और लखनऊ की मिट्टी को दिया। उनकी यह उपलब्धि युवा पीढ़ी, विशेषकर महिलाओं के लिए एक सशक्त प्रेरणा है।