लाइसेंस शुल्क के मुद्दे पर नगर निगम–व्यापारी संगठनों में संवाद, स्थायी समाधान की दिशा में पहल

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण पिंकू लखनऊ

लखनऊ नगर निगम लखनऊ द्वारा प्रस्तावित लाइसेंस शुल्क के विषय को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल व लखनऊ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के बीच विस्तृत एवं सौहार्दपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक शुक्रवार देर रात स्मार्ट सिटी कार्यालय में हुई, जिसमें सभी पक्षों ने अपने-अपने विचार रखते हुए समाधान की दिशा में संवाद किया।

बैठक में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं लखनऊ व्यापार मंडल ने लाइसेंस शुल्क लागू किए जाने की तैयारियों पर आपत्तियां जताई और अपना ज्ञापन नगर आयुक्त महोदय को दिया।

उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता श्री संजय गुप्ता जी एवं लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री अमरनाथ मिश्रा जी ने नगर आयुक्त महोदय को लिखित आपत्ति पत्र सौंपते हुए इस प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज कराई और लाइसेंस शुल्क के विषय को स्थायी रूप से समाप्त करने की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि वर्तमान परिस्थितियों में इस प्रकार का शुल्क छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगा।

नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने व्यापारियों की आपत्तियों को गंभीरता से सुनते हुए स्पष्ट किया कि नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य किसी भी व्यापारी को परेशान करना नहीं है। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा इस विषय में विज्ञापन जारी कर 29 दिसंबर तक आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं, ताकि सभी पक्षों की राय लेकर वैधानिक और स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया जा सके। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम प्राप्त आपत्तियों के आधार पर इस विषय का समग्र परीक्षण कर रहा है और प्रयास है कि इसे विधिसम्मत तरीके से स्थायी रूप से निस्तारित किया जाए।

नगर आयुक्त महोदय ने यह भी भरोसा दिलाया कि लाइसेंस शुल्क के मुद्दे को नगर निगम के माननीय सदन के पटल पर रखा जाएगा, ताकि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से इस पर विचार-विमर्श कर अंतिम निर्णय लिया जा सके। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांति या चिंता में न रहें, नगर निगम प्रशासन व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और समाधान की दिशा में सकारात्मक रूप से कार्य कर रहा है।

इस बैठक में अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री अरुण कुमार गुप्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री विनय कुमार राय, व्यापारी संगठनों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री मोहम्मद अफजल, नगर अध्यक्ष श्री हरजिंदर सिंह, नगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री अमिताभ श्रीवास्तव, लखनऊ व्यापार मंडल के महामंत्री श्री अनुराग मिश्रा ‘अन्नू’ जी, ट्रांस गोमती अध्यक्ष श्री अनिरुद्ध निगम, ट्रांस गोमती प्रभारी श्री मनीष पांडे, भूतनाथ आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री मनोज अग्रवाल, हुसैनगंज अध्यक्ष श्री पवन वर्मा, नाका गणेशगंज अध्यक्ष श्री तस्लीम कुरेशी, रहीम नगर अध्यक्ष श्री मसीह उजमा गांधी, सर्वोदय नगर अध्यक्ष श्री मोहम्मद रिजवान, मुंशी पुलिया अध्यक्ष श्री विवेक यादव, जिला उपाध्यक्ष श्री गिरीश गुरनानी, अमीनाबाद प्रभारी श्री हिमांशु गुप्ता, पतंग एसोसिएशन से श्री नीरज रस्तोगी, लालबाग आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *