ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण पिंकू लखनऊ
लखनऊ नगर निगम द्वारा प्रस्तावित 20 नए लाइसेंस शुल्क को लेकर शनिवार को नगर निगम मुख्यालय पर लखनऊ व्यापार मंडल एवं विभिन्न बाजारों से आए व्यापारी भाइयों ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना था कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में लाइसेंस शुल्क में प्रस्तावित 20 नए लाइसेंस शुल्क से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, जिसे वे वहन करने की स्थिति में नहीं हैं।
धरने की सूचना मिलने पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल स्वयं नगर निगम मुख्यालय पहुंचीं और धरने पर बैठे व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। व्यापारियों ने माननीय महापौर जी को ज्ञापन सौंपते हुए 20 नए लाइसेंस शुल्क के प्रस्ताव को वापस लेने की मांग की। उन्होंने यह भी बताया कि इससे छोटे और मध्यम व्यापारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
माननीय महापौर ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि नगर निगम किसी भी स्थिति में व्यापारी भाइयों पर अनावश्यक या अतिरिक्त आर्थिक भार नहीं पड़ने देगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हित नगर निगम की प्राथमिकता में हैं और इस विषय पर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर माननीय सदन में शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि बिना सभी पक्षों को सुने कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया जाएगा।
महापौर के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपना धरना शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कर दिया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने माननीय महापौर जी द्वारा मौके पर पहुंचकर समस्या सुनने और सकारात्मक आश्वासन देने के लिए आभार व्यक्त किया।