ऐशबाग स्थित जलकल मुख्यालय में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मानपूर्वक विदाई समारोह

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ ऐशबाग स्थित जलकल मुख्यालय में 31 दिसंबर 2025 को सेवा से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी द्वारा सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।

माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि जलकल विभाग में कार्यरत कर्मचारियों का योगदान शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ किया है। वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय है, जिसमें अब वे अपने परिवार और समाज के लिए समय दे सकेंगे।

समारोह में उपस्थित माननीय पार्षद श्री संदीप शर्मा जी, श्री राजेश सिंह ‘गब्बर’ जी, श्री सौरभ सिंह ‘मोनू’ जी, पूर्व पार्षद श्री साकेत शर्मा जी, श्री संतोष राय जी, भाजपा नेता श्री संतोष दुबे जी, सुश्री महिमा सिंह जी एवं जलकल विभाग के महाप्रबंधक (जीएम) श्री कुलदीप सिंह ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। इस मौके पर जलकल विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन तथा अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

31 दिसंबर 2025 में जलकल विभाग से सेवा निवृत्त होने वाले कर्मचारियों में महेश कुमार शुक्ला (गैंगमैन), दिलीप राज गुप्ता (गैंगमैन), मनोज कुमार (वेल्डर), अजय कुमार वर्मा (पम्प ऑपरेटर), सुनील कुमार सिंह (गैंगमैन), माता राम (पम्प ऑपरेटर) तथा ज्ञानेश कुमार शर्मा (पम्प ऑपरेटर) शामिल हैं। इन सभी कर्मचारियों ने अपने-अपने पदों पर रहते हुए वर्षों तक विभाग की सेवा की और जलकल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और विभाग के सहयोगात्मक वातावरण के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सुखद, स्वस्थ और सम्मानपूर्ण भविष्य की कामना के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *