नगर निगम लखनऊ में 02 जनवरी 2026 को आयोजित हुआ ‘संपूर्ण समाधान दिवस’, 76 शिकायतों का किया गया निस्तारण

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से नगर निगम लखनऊ द्वारा शुक्रवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रत्येक माह के प्रथम शुक्रवार को आयोजित किए जाने की परंपरा के तहत नगर निगम मुख्यालय, लालबाग स्थित त्रिलोकनाथ सभागार में प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक संपन्न हुआ। समाधान दिवस की अध्यक्षता माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने की।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान नगर निगम के विभिन्न जोनों से गृहकर एवं जलकर से संबंधित कुल 76 आपत्तियाँ प्राप्त हुईं। इनमें गृहकर से संबंधित 60 तथा जलकल से संबंधित 16 आपत्तियाँ शामिल रहीं। जोनवार प्राप्त आपत्तियों का विवरण इस प्रकार रहा—जोन-1 से 25, जोन-2 से 5, जोन-3 से 5, जोन-4 से 1, जोन-5 से कोई आपत्ति नहीं, जोन-6 से 11, जोन-7 से 11 तथा जोन-8 से 2 आपत्तियाँ प्राप्त हुईं।

GIS सर्वेक्षण के उपरांत कर निर्धारण से संबंधित आपत्तियों पर मौके पर ही सुनवाई की गई और कई मामलों में राहत प्रदान की गई। आपत्तिकर्ता श्री अनिल कुमार गोबिल, जानकीपुरम सेक्टर-एफ का GIS के अनुसार वार्षिक मूल्य 44,280 रुपये निर्धारित किया गया था, जिसे निस्तारण के पश्चात घटाकर 21,262 रुपये कर दिया गया। इसी प्रकार हुसैनाबाद निवासी श्री गजन्फर नवाब के मामले में वार्षिक मूल्य 14,625 रुपये से घटाकर 11,025 रुपये निर्धारित किया गया।

इसके अतिरिक्त पीर बुखारा क्षेत्र के श्री मोहम्मद हारून रिजवी का वार्षिक मूल्य 36,000 रुपये से घटाकर 21,600 रुपये किया गया। वृंदावन सेक्टर-8 निवासी श्री राहुल सिंह रावत के मामले में GIS के अनुसार 24,206 रुपये के स्थान पर 17,496 रुपये निर्धारित किया गया, जबकि विकास नगर सेक्टर-6 निवासी श्रीमती मीरा गुप्ता के मामले में 19,926 रुपये से घटाकर 7,128 रुपये वार्षिक मूल्य तय किया गया।

समाधान दिवस के दौरान नागरिकों की अन्य समस्याओं—जैसे सफाई व्यवस्था, सड़कों एवं गलियों की मरम्मत, सीवर लाइन एवं ड्रेनेज, मार्ग प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) तथा कूड़ा उठान—से संबंधित शिकायतों पर भी अधिकारियों द्वारा संज्ञान लिया गया और कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री अशोक सिंह, जोनल अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, माननीय पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा,
“संपूर्ण समाधान दिवस नगर निगम और शहरवासियों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। हमारा प्रयास है कि नागरिकों की समस्याओं का निस्तारण पारदर्शी, न्यायसंगत और समयबद्ध ढंग से किया जाए। गृहकर एवं जलकर से संबंधित आपत्तियों का मौके पर समाधान कर आम नागरिकों को राहत देना हमारी प्राथमिकता है। मैं सभी शहरवासियों से अपील करती हूँ कि वे इस मंच का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ और नगर निगम को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित लखनऊ बनाने में सहयोग करें।”

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की कि वे भविष्य में भी समाधान दिवस में अपनी शिकायतों से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय से उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *