नगर निगम लखनऊ का बड़ा निर्णय: राजस्व बढ़ाने के लिए 3 व 4 जनवरी को अवकाश के दिन भी खुलेंगे कर कार्यालय

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ नगर निगम लखनऊ ने वर्तमान वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व राजस्व संग्रहण को गति देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, नगर निगम लखनऊ द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार आगामी शनिवार एवं रविवार, दिनांक 03 व 04 जनवरी 2026 को नगर निगम के समस्त जोनल कार्यालय एवं कर काउंटर प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक खुले रहेंगे।

वर्तमान वित्तीय वर्ष की समाप्ति में मात्र तीन माह का समय शेष रह गया है। इस अवधि में नागरिकों को अधिक से अधिक सुविधा प्रदान करते हुए गृहकर एवं जलकर की वसूली बढ़ाने तथा राजस्व लक्ष्य की पूर्ति के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सार्वजनिक अवकाश के दिन भी कर संबंधी कार्य किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

इन दोनों दिनों में नगर निगम के सभी जोनल कार्यालयों में भवनस्वामियों का कर निर्धारण, फीडिंग, संशोधन, आपत्तियों का निस्तारण तथा कर जमा कराने से संबंधित समस्त कार्य किए जाएंगे। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे करदाताओं से संपर्क कर उन्हें बकाया गृहकर व जलकर जमा कराने के लिए प्रेरित करें, जिससे अधिक से अधिक राजस्व संग्रह सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अतिरिक्त, नगर निगम प्रशासन द्वारा यह भी निर्देश दिए गए हैं कि सभी वार्डों में कैंपों का आयोजन किया जाए और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में कर निर्धारण एवं कर भुगतान की सुविधा मिल सके। इन कैंपों के माध्यम से कर निर्धारण, कर वसूली और संबंधित समस्याओं के समाधान का कार्य भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *