अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लखनऊ नगर निगम का सघन अभियान, कई ठेले व सामान जब्त

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को व्यापक और बहुस्तरीय अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों, चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और बाधारहित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

नगर निगम लखनऊ के जोन-03 क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के निर्देश में प्रवर्तन दल (296) की टीम द्वारा सी-25 से पार्क महानगर तक अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क किनारे लगाए गए 2 फल एवं सब्जी के ठेले तथा 4 चाय के ठेले हटाए गए। साथ ही 4 लोहे के काउंटर और 1 छोटा छतदान युक्त लोहे का ठेला जब्त किया गया। अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई।

इसी क्रम में जोन-05 क्षेत्र के अंतर्गत एयरपोर्ट नादरगंज चौराहे से पटरी दरोगा खेड़ा तक तथा सरोजनी नगर औद्योगिक क्षेत्र में अस्थायी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 5 ठेले, 3 गुमटी और 2 काउंटर हटाए गए, जबकि 2 काउंटर जब्त किए गए। नगर निगम द्वारा अतिक्रमणकारियों से अतिक्रमण के विरुद्ध 500 रुपये शमन शुल्क वसूल किया गया। इसके अतिरिक्त गंदगी और पॉलीथीन के उपयोग के मामलों में 2000 रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया।

यह अभियान जोनल अधिकारी जोन-05 श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्री पियूष तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल (296) एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया।

वहीं जोन-08 क्षेत्र में भी अवैध अस्थायी अतिक्रमण, होल्डिंग, बैनर और पोस्टर के विरुद्ध वृहद अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी श्री विकास सिंह के निर्देशन में मेदांता हॉस्पिटल और जी-20 चौराहे के आसपास अवैध रूप से लगाए गए ठेले और खोमचे हटवाए गए। इस दौरान 4 गैस सिलेंडर, 1 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 1 चूल्हा, 2 बाल्टी और 1 फूड वाहन सहित अन्य सामान जब्त किया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *