लखनऊ नगर निगम के प्रतिनिधिमंडल ने गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री जी से की शिष्टाचार भेंट

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ/गांधीनगर: लखनऊ नगर निगम का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में गुजरात के दौरे पर है। इसी क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने गुजरात के गांधीनगर स्थित गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर शहरी विकास, स्वच्छता, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं तथा नगर निकायों के बीच आपसी सहयोग को लेकर सार्थक चर्चा हुई।

इस प्रतिनिधिमंडल में लखनऊ नगर निगम की उपाध्यक्ष श्रीमती चरनजीत गांधी पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’ पार्षदगण के साथ नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, चीफ इंजीनियर सहित अधिकारीगण शामिल रहे। शिष्टाचार भेंट के दौरान महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने लखनऊ नगर निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी और अहमदाबाद मॉडल से सीख लेकर लखनऊ में उसे लागू करने की मंशा व्यक्त की।

मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल जी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि गुजरात में शहरी विकास, स्वच्छता और स्मार्ट सिटी के क्षेत्र में किए गए नवाचारों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अहमदाबाद द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण रैंकिंग 2024-25 में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने का उल्लेख करते हुए बताया कि यह सफलता जनभागीदारी, मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था और आधुनिक तकनीक के समन्वय से संभव हो सकी है।

श्री पटेल ने लखनऊ नगर निगम को आश्वस्त किया कि शहरी प्रबंधन, कचरा निस्तारण, स्मार्ट सिटी समाधान और खेल एवं पर्यटन अवसंरचना जैसे क्षेत्रों में गुजरात सरकार अपने अनुभव साझा करने के लिए सदैव तत्पर रहेगी। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भी इस भेंट को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इससे लखनऊ में स्वच्छता और विकास के कार्यों को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *