अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का सघन अभियान, तीन जोनों में बड़ी कार्रवाई

Spread the love

प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ रायबरेली

संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने शुक्रवार को एक सघन एवं बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात उपलब्ध कराना रहा।

जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के नेतृत्व में अलीगंज क्षेत्र में यादव लोहा भंडार से कूड़ेघर तक दोनों पट्टियों पर सार्वजनिक मार्ग पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी ढांचे और अवरोधों को हटाकर मार्ग को पूरी तरह साफ कराया गया। अभियान के समय जोन-3 के लिपिक श्री राजीव शर्मा एवं नगर निगम की 296 टीम मौके पर उपस्थित रही। कार्रवाई के पश्चात मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य होती दिखाई दी, जिससे स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली।

इसी क्रम में जोन-05 क्षेत्र के अंतर्गत कानपुर रोड पर दरोगा खेड़ा से लेकर लखनऊ हॉस्पिटल, कृष्णानगर तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा लगाए गए ठेले, ठेलिया, खुमचा, गुमटी और काउंटर हटाए गए। कार्रवाई में कुल 15 ठेले, 6 गुमटी और 6 काउंटर हटाए गए, जबकि 2 बड़ी गुमटी, 1 लोहे की मेज और 1 लकड़ी का तखत जब्त किया गया। इसके साथ ही गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग के मामलों में 8,000 रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया। अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह अभियान जोनल अधिकारी जोन-05 श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्री पियूष तिवारी, श्रीमती रूचि यादव, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल (296) और पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

वहीं जोन-8 में भी अवैध अस्थायी अतिक्रमण एवं अवैध होल्डिंग, बैनर और पोस्टर के विरुद्ध वृहद अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी श्री विकास सिंह के नेतृत्व में 296 टीम की उपस्थिति में अमौसी एयरपोर्ट से स्कूटर इंडिया चौराहे तक और आसपास के क्षेत्रों में लगाए गए ठेले, खोमचे और अन्य अवैध ढांचे हटाए गए। इस दौरान 4 बोर्ड, 1 स्टैंडिंग बोर्ड, 1 जूस काउंटर, 1 लोहे की बेंच और 1 काउंटर सहित अन्य सामान जब्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *