प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ रायबरेली
संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ: नगर निगम के जलकल विभाग की टीम द्वारा नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार एवं जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में शनिवार को शहर के विभिन्न जोनों में पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर पाइपलाइन मरम्मत एवं संबंधित कार्य कराए गए। यह कार्यवाही शहरवासियों को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
जलकल विभाग की अलग–अलग टीमों ने विभिन्न जोनों में लीकेज, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन, चोक सीवर लाइन, ओवरफ्लो टंकियों एवं अन्य तकनीकी समस्याओं को चिन्हित कर त्वरित समाधान किया। जोन–1 से लेकर जोन–8 तक कई प्रमुख क्षेत्रों में मरम्मत कार्य किए गए, जिससे स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही जलसमस्याओं से राहत मिली।
जोन–1 में योजना भवन के पास, कंधारी बाजार लालबाग, लापलाश कॉलोनी शिवनगर, वजीरगंज, मौलवीगंज, हरी नगर जैसे इलाकों में पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत और वाशिंग की गई। वहीं जोन–2 में बड़ा इमामबाड़ा क्षेत्र, राजाजीपुरम सी-ब्लाक, गुलमोहर कॉलोनी, गढ़ी कनौरा, श्रम विहार में लीकेज सुधार और करेहटा टंकी सफाई जैसे कार्य कराए गए। इन क्षेत्रों में लंबे समय से जलदबाव की समस्या बनी हुई थी, जिसे अब काफी हद तक नियंत्रित किया गया है।
जोन–3 में जानकीपुरम विस्तार, ट्रॉमा सेंटर क्षेत्र सेक्टर–2 एवं ओएचटी सेक्टर–8, मडियांव गांव में नाले के पास से 4 पाइपलाइन मरम्मत कि गईं, जानकीपुरम सेक्टर-3, त्रिवेणी नगर, रहीम नगर जैसे क्षेत्रों में पाइपलाइन मरम्मत के साथ-साथ नई लाइन बिछाने और टंकी सफाई का कार्य भी किया गया। इसके साथ ही विज्ञान पुरी, हार्नर में ट्यूबवेल कि मरम्मत का कार्य किया गया। इसी प्रकार जोन–4 में विराज खंड-1, विकल्प खंड-3, विनीत खंड-3 और काल्विन कॉलेज के आसपास के क्षेत्रों में लीकेज सुधार एवं कनेक्शन दुरुस्त किए गए।
जोन–5 और 6 में भी जलकल विभाग की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए भोला खंड, दुर्गापुरी, आशियाना नगर, विक्रम नगर, साजन मैरिज हॉल और साबिक निवास क्षेत्रों में पाइपलाइन मरम्मत, नई पाइपलाइन डालने और चोक लाइन खोलने जैसे कार्य पूरे किए। वहीं जोन–7 में सेक्टर–17, सेक्टर-9 इन्दिरा नगर और विकास भवन के आसपास सीवर एवं जललाइन से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया गया।
जोन–8 में रेल नगर आशियाना और हिन्द नगर क्षेत्र में लीकेज मरम्मत एवं स्टैंड पोस्ट लगाने जैसे आवश्यक कार्य किए गए। अधिकारियों के अनुसार, इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया ताकि नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो।
जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह ने कहा कि नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देशानुसार जलकल विभाग द्वारा शहर के सभी जोनों में नियमित रूप से निरीक्षण कर पानी की पाइपलाइन, लीकेज एवं सीवर से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। शनिवार को किए गए मरम्मत कार्य इसी क्रम का हिस्सा हैं, ताकि नागरिकों को निर्बाध और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि जहां भी पाइपलाइन लीकेज, जलदबाव की समस्या या सीवर चोक होने की शिकायत मिलती है, वहां प्राथमिकता के आधार पर टीम भेजकर तुरंत कार्रवाई की जाती है। आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
*हेल्पलाइन / कंट्रोल रूम नंबर*
जलकल विभाग से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत, पानी की आपूर्ति, पाइपलाइन लीकेज या सीवर समस्या की सूचना देने के लिए नागरिक निम्न कंट्रोल रूम नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं—
📞 8177054100
📞 8177054003
📞 8177054010
जलकल विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।