प्रतिबंधित पॉलीथीन के विरुद्ध जोन-06 में विशेष अभियान, ₹20,400 का जुर्माना वसूला

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेश के क्रम में नगर निगम लखनऊ के जोन-06 क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सोमवार को विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान दिनांक 12 जनवरी 2026 को विभिन्न विभागों के समन्वय से संचालित किया गया।

अभियान में केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक श्री आर.के. मिश्रा, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक श्री अभिजीत सिंह, नगर निगम जोन-06 के जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री राजेश कुमार, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री राम चन्द्र यादव, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री विशुद्धानन्द त्रिपाठी तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्रीमती विजेता द्विवेदी की सक्रिय सहभागिता रही। अधिकारियों के नेतृत्व में टीम ने बालागंज चौराहा, बालागंज से दुबग्गा रोड, कैम्पबेल रोड तथा माली खां सराय–हरदोई रोड के आसपास के क्षेत्रों में सघन निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान दुकानों, ठेलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग की जांच की गई। संबंधित दुकानदारों को पर्यावरण संरक्षण और नियमों के अनुपालन के प्रति जागरूक करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी दशा में प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग न किया जाए। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

प्रवर्तन कार्रवाई के अंतर्गत प्रतिबंधित पॉलीथीन के प्रयोग पर ₹20,400 का जुर्माना वसूल किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान जनस्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे वैकल्पिक पर्यावरण-अनुकूल सामग्री का उपयोग करें, ताकि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *