नगर निगम ज़ोन–2 में गृहकर वसूली अभियान, बड़े बकायेदारों से वसूला गया बकाया, केजीएमयू प्रशासन को भी सौंपा गया पुनरीक्षित बिल

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेशों के अनुपालन में नगर निगम द्वारा गृहकर वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम ज़ोन–2 के अंतर्गत मंगलवार, दिनांक 13 जनवरी 2026 को गृहकर जमा न करने वाले बड़े बकायेदारों के विरुद्ध विशेष वसूली अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य नगर निगम के राजस्व को सुदृढ़ करना तथा बकाया गृहकर की समयबद्ध वसूली सुनिश्चित करना रहा।

वसूली अभियान के दौरान वार्ड अंबेडकर नगर, मोहल्ला अंबेडकर नगर में स्थित भवनों पर कार्यवाही की गई। प्रथम प्रकरण में भवन संख्या A015/20, भवन स्वामी डॉ. सहाय लेबोरेटरीज प्रा. लिमिटेड (श्री राकेश अस्थाना) के विरुद्ध बकाया गृहकर राशि ₹2,72,535/- निर्धारित थी। वसूली की कार्यवाही के समय संबंधित भवन स्वामी द्वारा संपूर्ण बकाया राशि का भुगतान नगर निगम को कर दिया गया।

दूसरे प्रकरण में राजा बाजार स्थित सुभाष कॉम्प्लेक्स, भवन संख्या 292/20A, भवन स्वामी श्री अहमद बख्श के विरुद्ध ₹24,850/- की बकाया धनराशि थी, जिसे वसूली कार्यवाही के दौरान पूर्ण रूप से जमा करा दिया गया। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी गृहकर बकाया रखने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।

इसके अतिरिक्त ज़ोन–2 के अंतर्गत केजीएमयू परिसर में स्थित 60 भवनों का पुनरीक्षित गृहकर निर्धारण किया गया। इस पुनर्मूल्यांकन के आधार पर लगभग ₹67 करोड़ रुपये का मांग बिल एवं मांग पत्र तैयार कर संबंधित केजीएमयू प्रशासन (कुलपति कार्यालय) को आज औपचारिक रूप से सौंप दिया गया।

यह संपूर्ण अभियान ज़ोनल अधिकारी श्री संजय यादव की उपस्थिति में, कर अधीक्षक श्री ओम प्रकाश सोनी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यवाही में राजस्व निरीक्षक श्रीमती नमिता सिंह एवं श्री शुभम यादव सहित विभागीय टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर गृहकर का भुगतान कर अनावश्यक कार्यवाही से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *