नगर निगम लखनऊ का निर्णय: 18 जनवरी (रविवार) को भी अवकाश के दिन खुले रहेंगे कर कार्यालय

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति से पूर्व राजस्व संग्रहण को और अधिक गति प्रदान करने के उद्देश्य से निरंतर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त महोदय के आदेशानुसार आगामी रविवार, 18 जनवरी 2026 को अवकाश के दिन भी नगर निगम के समस्त जोनल कार्यालय एवं कर काउंटर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक खुले रहेंगे।

नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को अधिक से अधिक सुविधा प्रदान करते हुए गृहकर एवं जलकर की वसूली बढ़ाना तथा निर्धारित राजस्व लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करना है। अवकाश के दिन कार्यालय खोले जाने से उन करदाताओं को भी सुविधा मिलेगी, जो कार्यदिवसों में कार्यालय नहीं आ पाते हैं।

इस दिन नगर निगम के सभी जोनल कार्यालयों में भवनस्वामियों का कर निर्धारण, फीडिंग, संशोधन, आपत्तियों का निस्तारण एवं गृहकर तथा जलकर जमा करने से संबंधित समस्त कार्य किए जाएंगे। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे करदाताओं से संपर्क कर बकाया कर जमा कराने हेतु प्रेरित करें।

नगर निगम द्वारा यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वार्ड स्तर पर लगाए जा रहे कर कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे नागरिक अपने क्षेत्र में ही कर निर्धारण एवं कर भुगतान की सुविधा प्राप्त कर सकें और अधिक से अधिक राजस्व संग्रह सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *