सिंगल यूज प्लास्टिक व गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध नगर निगम का सघन अभियान

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर शनिवार को नगर निगम लखनऊ द्वारा जोन–2 क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग एवं सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

अभियान का नेतृत्व जोन–2 के जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री रामसकल यादव ने किया। उनके साथ सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री राजेश कुमार कुशवाहा, श्री देवेन्द्र कुमार वर्मा तथा 296 टीम शामिल रही। अभियान के अंतर्गत चन्द्रभानु गुप्त मोती नगर वार्ड में नाका चौराहे से नाथ चौराहे तक निरीक्षण किया गया।

इस दौरान कुल 22 दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पाए जाने पर 6 दुकानों का चालान किया गया, जिससे ₹26,000 का जुर्माना वसूला गया। वहीं अतिक्रमण एवं गंदगी फैलाने के मामलों में 8 चालान करते हुए ₹15,000 का शमन शुल्क वसूल किया गया।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों एवं गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *