जोन-1 में गंदगी फैलाने पर किंग ऑफ चाट समेत दो दुकानों का काटा गया चालान, वसूला गया पंद्रह हजार रुपये का जुर्माना

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को जोन-1 क्षेत्र में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया।

जोन-1 में यह कार्रवाई जोनल सेनेटरी ऑफिसर के नेतृत्व में एसएफआई श्री सुनील वर्मा द्वारा की गई। अभियान के दौरान प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और व्यस्त मार्गों का निरीक्षण किया गया, जहां गंदगी फैलाने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। निरीक्षण के दौरान महात्मा गांधी मार्ग स्थित किंग ऑफ चाट की दुकान के आसपास गंदगी पाए जाने पर संबंधित दुकान संचालक के विरुद्ध 10,000 रुपये का चालान किया गया।

इसके अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र के गेट नंबर-6 के पास स्थित एक समोसे चाय की दुकान के बाहर भी खुले में कचरा एवं गंदगी फैलाने का मामला सामने आया। इस पर नगर निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक श्री नरेश पर 5,000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया। इस प्रकार अभियान के दौरान गंदगी फैलाने के मामलों में कुल 15,000 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।

नगर निगम ने आम नागरिकों और व्यापारियों से स्वच्छ लखनऊ अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *