यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ के जलकल विभाग द्वारा शहरवासियों को सूचित किया गया है कि जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जोन-5 के अंतर्गत आने वाले चन्दर नगर सी.डब्ल्यू.आर (ओवरहेड टैंक) की नियमित सफाई का कार्य मंगलवार, 20 जनवरी 2026 को किया जाएगा। यह सफाई कार्य पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जा रहा है, जिससे भविष्य में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
जलकल विभाग के अनुसार, चन्दर नगर, ओमनगर, जयप्रकाशनगर (आंशिक) रामनगर, अमरुदहीबाग, भिलावां, शक्तिनगर, कुरियाना, अर्जुननगर, पूरननगर (आंशिक), ऋषिनगर (आंशिक), पुराना सरदारीखेड़ा सहित आसपास के अनेक क्षेत्रों में जलापूर्ति की जाती है। टैंक की सफाई के कारण इन क्षेत्रों में 20 जनवरी को सांयकालीन जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
जलकल विभाग ने संबंधित क्षेत्रों के निवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए आवश्यकतानुसार पीने के पानी का पूर्व में ही भंडारण कर लें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सफाई कार्य पूर्ण होने के पश्चात अगले दिन प्रातःकाल से जलापूर्ति सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएगी।