यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर के विभिन्न जोनों में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ रखना, पर्यावरण को सुरक्षित करना और नागरिकों को नियमों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कुल ₹49,000 का जुर्माना वसूला गया।
इसी क्रम में मंगलवार को जोन-2 में जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री रामसकल यादव के नेतृत्व में राजाबाजार वार्ड के अंतर्गत नक्खास चौराहे के आसपास सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री राजेश कुमार कुशवाहा, श्री देवेंद्र कुमार वर्मा तथा 296 टीम के सदस्य शामिल रहे।
अभियान के दौरान कुल 21 दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर 4 दुकानों के चालान किए गए, जिनसे कुल 15,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं अतिक्रमण और गंदगी फैलाने के मामलों में 10 चालान कर 13,500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। नगर निगम की इस कार्रवाई से व्यापारियों में नियमों के पालन को लेकर जागरूकता बढ़ी।
वहीं जोन-3 में भी पॉलीथीन के उपयोग और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान पुरनिया चौराहे से सेक्टर-क्यू चौराहे तक मुख्य मार्ग पर संचालित किया गया। जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री मनोज यादव के निर्देशों के अनुसार चलाए गए इस अभियान में गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध 21 चालान किए गए, जिनसे 14,500 रुपये की वसूली की गई। इसके अलावा सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथीन पाए जाने पर 5 चालान कर 6,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार कुल 26 चालानों के माध्यम से 20,500 रुपये की धनराशि वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराई गई।
इस अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री प्रमोद कुमार गौतम, श्री पुष्कर सिंह पटेल, श्री सुमित मिश्रा, श्रीमती अंकाक्षा गोस्वामी, 296 प्रवर्तन दल के कार्मिक और क्षेत्रीय सुपरवाइजर की संयुक्त टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने दुकानदारों और आम नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के नुकसान बताते हुए इसके प्रयोग से बचने और शहर को साफ-सुथरा रखने की अपील की।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि नियमों का पालन कर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ लखनऊ के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।