यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ कुर्सी रोड स्थित गुडंबा बगिया कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी की गंभीर समस्या को लेकर मंगलवार को नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कॉलोनीवासियों ने अपनी परेशानियों से नगर आयुक्त महोदय को अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि गुडंबा बगिया कॉलोनी में 70 से अधिक मकान हैं, जिनमें करीब ढाई हजार से अधिक लोग निवास करते हैं। कॉलोनी की जलनिकासी व्यवस्था पहले पास में स्थित एक खाली प्लॉट के माध्यम से होती थी, जिससे बारिश और घरेलू उपयोग का पानी आसानी से निकल जाता था। लेकिन हाल ही में स्पोर्ट्स कॉलेज प्रशासन द्वारा उस खाली प्लॉट के पास दीवार का निर्माण कराए जाने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। इसके कारण कॉलोनी में जगह-जगह पानी भर जाता है, जिससे लोगों को आवागमन, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने मौके की स्थिति का जायजा लिया और समस्या की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जोन-7 के अधिशासी अभियंता श्री संजय पाण्डेय को जलकल विभाग की टीम के साथ मिलकर क्षेत्र में जमा पानी की अस्थायी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। नगर आयुक्त महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक स्थानीय लोगों को राहत देने के लिए अस्थायी उपाय तुरंत किए जाएं।
इसके साथ ही नगर आयुक्त महोदय ने स्पोर्ट्स कॉलेज प्रशासन से समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी पहल की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा करते हुए बताया कि बुधवार को इस समस्या के स्थायी समाधान को लेकर स्पोर्ट्स कॉलेज प्रशासन के साथ स्थलीय निरीक्षण प्रस्तावित है। निरीक्षण में जलनिकासी के वैकल्पिक मार्ग, नाला निर्माण या अन्य तकनीकी समाधानों पर विचार किया जाएगा, ताकि कॉलोनीवासियों को भविष्य में इस तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी जोन 7 श्री रामेश्वर प्रसाद, चीफ इंजीनियर सिविल श्री महेश वर्मा, जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह समेत नगर निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे।