यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
कोकराझार: असम के कोकराझार जिले में सोमवार शाम को हुई हिंसा की एक घटना को लेकर मंगलवार को स्थिति तनावपूर्ण बनी रही. प्रदर्शनकारियों ने बिरसा कमांडो फोर्स के दो अस्थायी कैंपों में भी आग लगा दी. इलाके में एहतियात के तौर पर इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं.
पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया है. खबर के मुताबिक, सोमवार को एक रोड एक्सीडेंट के मामले में उत्पन्न विवाद में कुछ लोगों के बीच मारपीट हुई. इस दौरान दो लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में 28 साल के चिकना जोहलोउ बिस्मित और 40 साल के सुनील मुर्मू शामिल हैं.
चिकना की मौत मौके पर ही हो गई वहीं, सुनील मुर्मू की अस्पताल ले जाने के दो घंटे बाद मौत हो गई. घायल 3 लोगों को कोकराझार मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
खबर के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने चिदू कान्हू भवन और दूसरी इमारतों को भी नुकसान पहुंचाया. इलाके में हालात तनावपूर्ण होने के कारण काबू से बाहर हो गए. वहीं, इस घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक इंसाफ नहीं मिल जाता, वे अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे. यह घटना सोमवार को करिगांव पुलिस स्टेशन से सिर्फ़ 1-1.5 किलोमीटर दूर गौरीनगर में हुई.
कोकराझार के एसपी अक्षय गर्ग ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की. एसपी ने इस घटना की निंदा की. पुलिस ने बताया कि, मामले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस मामले को शांत करने की कोशिश कर रही है.पुलिस ने कहा कि माना जा रहा है कि यह घटना एक एक्सीडेंट की वजह से हुई है. दूसरी ओर, सरकार ने कोकराझार जिले में मोबाइल इंटरनेट, डेटा सर्विस पर कुछ समय के लिए रोक लगा दी है.