परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन, एसडीएम–सीओ के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

सह संपादक कपिल गुप्ता

रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गुमावां पुलिस चौकी अन्तर्गत कोनी मोड़ के पास ट्रैक्टर की टक्कर से किशोरी की मौत के मामले में आरोपी चालक की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार की शाम हैदरगढ़–महाराजगंज हाईवे जाम कर दिया। पोस्टमार्टम से शव वापस लौटने के बाद घर से शव अन्तिम संस्कार को ले जाते समय परिजनों ने गुमावां चौकी से करीब 200 मीटर दूर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
हाईवे जाम होने की सूचना पर भारी पुलिस बल के साथ शाम करीब सवा छह बजे महराजगंज के उप जिलाधिकारी गौतम सिंह और क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों द्वारा 24 घण्टे के भीतर आरोपी चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए और पुलिस की मौजूदगी में मृतका का अंतिम संस्कार कराया गया। गौरतलब है कि मंगलवार की शाम करीब 6 बजे गन्ना लादकर पोखरा चीनी मिल जा रहे ट्रैक्टर ने कोनी मोड़ के पास बाइक में सामने से टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार पूरे पंडित मजरे गुमावां निवासी सुरेश कुमार द्विवेदी की 15 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पीछे बैठी 12 वर्षीय सेजल को मामूली चोटें आई थीं। शिवगढ़ थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चालक महेंद्र सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जिसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *