नगर आयुक्त ने किया सीएम ग्रिड फेस-2 परियोजना का निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित सीएम ग्रिड फेस-2 परियोजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का गुरुवार को नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। यह निरीक्षण विभूति खंड थाना के निकट निर्माणाधीन सीएम ग्रिड फेस-2 परियोजना स्थल पर किया गया, जहां आधुनिक शहरी अधोसंरचना के विकास हेतु बहुआयामी कार्य प्रगति पर हैं।

परियोजना के तहत लगभग 3 किलोमीटर लंबा स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज सिस्टम, सीवर लाइन, इलेक्ट्रिकल डक्ट, वाटर सप्लाई लाइन तथा सुव्यवस्थित फुटपाथ का निर्माण किया जा रहा है। अधिकारियों ने नगर आयुक्त महोदय को जानकारी दी कि परियोजना के शुरुआती चरण में 300 मीटर लंबा एक सैंपल स्ट्रेच सफलतापूर्वक तैयार किया जा चुका है, जिसमें स्ट्रॉम वाटर लाइन, सीवर लाइन, इलेक्ट्रिकल डक्ट और वाटर लाइन की स्थापना पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही उक्त क्षेत्र में फुटपाथ निर्माण कार्य भी तीव्र गति से चल रहा है।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फुटपाथ निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर शीघ्रता से पूर्ण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक पैदल आवागमन की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने सभी सीवर लाइनों को ट्रंक लाइन से अनिवार्य रूप से जोड़ने के स्पष्ट निर्देश दिए, जिससे भविष्य में जलभराव, सीवर ओवरफ्लो और जल निकासी की समस्याओं से बचा जा सके।

नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने कहा कि सीएम ग्रिड फेस-2 परियोजना शहर के स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि जल निकासी, स्वच्छता, विद्युत संरचना और नागरिक सुविधाओं का भी समग्र विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और सभी कार्यों को तकनीकी मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (सिविल) श्री महेश वर्मा, अधिशासी अभियंता जोन-4 श्री अतुल मिश्रा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *