पर्वतीय समाज ने भारत को दी आध्यात्म, योग और शौर्य की अनुपम विरासत : डॉ. राजेश्वर सिंह

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ रायबरेली

पर्वतीय संस्कृति को मजबूती: उत्तरायणी कौथिग मेले के लिए डॉ. राजेश्वर सिंह देंगे ₹7.5 लाख

लखनऊ सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पर्वतीय समाज देवभूमि-तपोभूमि की जीवंत पहचान है, जिसने न केवल भारत को, बल्कि पूरी दुनिया को आध्यात्म, योग और शौर्य की अद्वितीय विरासत प्रदान की है। वे शनिवार को बीरबल साहनी मार्ग स्थित गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में पर्वतीय महापरिषद द्वारा आयोजित 15 दिवसीय पौराणिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक उत्तरायणी कौथिग मेला–2026 के 25वें रजत जयंती वर्ष समारोह को संबोधित कर रहे थे।

अपने संबोधन में डॉ. राजेश्वर सिंह ने पर्वतीय समाज के सैन्य योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि देश की रक्षा में इस समाज ने अद्वितीय शौर्य का परिचय दिया है। उन्होंने मेजर सोमदत्त शर्मा, मेजर शैतान सिंह, देश के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत तथा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजीत डोभाल जी जैसे वीर सपूतों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विभूतियों ने राष्ट्र के गौरव को वैश्विक पहचान दिलाई है।

डॉ. सिंह ने कहा कि आज लखनऊ ईज़ ऑफ लिविंग, हैप्पीनेस इंडेक्स और क्वालिटी ऑफ लाइफ इंडेक्स में देश के शीर्ष पाँच शहरों में स्थान बना चुका है। उन्होंने बताया कि सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में स्थापित शिवरी वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में प्रतिदिन लगभग 2100 मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण किया जा रहा है, जो स्वच्छता और सतत विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों के पीछे पर्वतीय समाज से आने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की दूरदर्शी सोच तथा पर्वतीय समाज की प्रतिनिधि, लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी के निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मेले के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन संस्कृति, परंपरा और हस्तशिल्प को संरक्षण देने के साथ-साथ समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं और भारत को नई ऊँचाइयों की ओर ले जाते हैं। उन्होंने रजत जयंती वर्ष समारोह के भव्य आयोजन के लिए गणेश चंद्र जोशी जी एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी। डॉ. सिंह ने घोषणा की कि गत वर्ष मेले के लिए ₹5 लाख की सहायता प्रदान की गई थी, जबकि इस वर्ष मेले को और अधिक भव्य स्वरूप देने हेतु ₹7.5 लाख की धनराशि प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल , गणेश चंद्र जोशी, महेंद्र सिंह रावत, के.एन. चंदोला, नरेंद्र सिंह, गोवर्धन भट्ट, जानकी अधिकारी, चित्रा कांडपाल, बी.डी. जोशी, लक्ष्मण सिंह धामी, पुष्कर नयाल, के.एन. पांडेय, एन.के. उपाध्याय, सुमन रावत, गोविंद बोरा, बीना रावत सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *