यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
रोहतास : बिहार में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है. आए दिन लूट, हत्या, बलात्कार की घटनाओं से लोग दहशत में हैं. ऐसा लगता है जैसे पुलिस प्रशासन का बदमाशों में जरा भी खौफ नहीं है. ताजा मामला रोहतास का है, जहां बेखौफ बदमाशों ने लूट पाट के बाद एक शख्स को गोली मार दी. घायल युवक शिवसागर के पखनारी गांव निवासी 40 वर्षीय राकेश कुमार सिंह है.
CSP संचालक को मारी गोली : दरअसल, शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत मडकन पुल के समीप शनिवार को बाइक सवार दो अपराधियों ने सीएसपी संचालक राकेश कुमार सिंह के साथ पहले लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. फिर विरोध करने के दौरान गोली मार दी. बताया जाता है कि गोली राकेश कुमार के पैर में लगी है. आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उसे सासाराम के सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.
अपराधियों ने पीछा कर वारदात को दिया अंजाम : घटना के संबंध में बताया जाता है कि, सीएसपी संचालक राकेश कुमार सिंह अपनी स्कूटी से शनिवार को रायपुर चौर स्थित सीएसपी केंद्र पर जा रहे थे. तभी मडकन पुल के समीप बाइक सवार दो अपराधियों ने पीछा कर उन्हें हथियार का भय दिखा कर रोक लिया और लूटपाट की कोशिश करने लगे.
वहीं राकेश कुमार ने साहस दिखाते हुए जब लूटपाट का विरोध किया, तो अपराधियों ने उनपर पर गोली चला दी. पैर में गोली लगते ही राकेश कुमार सिंह लहुलुहान होकर गिर पड़े और अपराधियों ने उनके पास से डेढ़ लाख रुपये तथा गले से एक सोने की चेन लूटकर फरार हो गए. इधर घटना की सूचना मिलते हीं मौके पर पहुंची शिवसागर थाने की पुलिस ने मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है.
”फिलहाल घायल युवक का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. उसकी स्थिति खतरे से बाहर है. पुलिस बाइक सवार दो अपराधियों की पहचान करने में जुटी है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”- दिलीप कुमार, सासाराम सदर डीएसपी वन
नाकेबंदी कर एक्शन में पुलिस : दिनदहाड़े हुई लूटपाट की घटना के बाद शिवसागर थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में नाकेबंदी कर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. लूटपाट मामले में एफएसएल टीम की मदद ली जा रही है. पुलिस द्वारा जल्द ही दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है.