यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
पटना: बिहार के पटना में आग लगने से दो बच्चे जिंदा जल गए. दो बच्चों की मौत से इलाके में कोहराम मचा हुआ है. घटना जिले के मसौढी के भगवानगंज थाना क्षेत्र के दनाडा गांव में शनिवार की दोपहर तकरीबन 2:30 बजे की है. घटना के बाद मौके पर भगवानगंज पुलिस पहुंची है.
दो बच्चों की जलकर मौत: मृत बच्चों की पहचान विकास कुमार के पुत्र प्रियांशु कुमार(7) और मानसी कुमारी (3 साल) के रूप में हुई है. पिता विकास कुमार का रो रोकर हाल खराब है. विकास ने बताया कि हमलोग दूसरी ओर बैठे थे. आग कब लगी इसके बारे में पता नहीं चला, जब धुआं उठते देखा तब दौड़कर आए. तब तक काफी देर हो गयी थी.
“राख को कुरेदना शुरू किए तो देखा कि दोनों बच्चा अंदर है. दोनों मर चुके थे. अगर पहले पता चलता तो उसको मरने नहीं देते. मेरे बेटा-बेटी की मौत हो गयी.” -विकास कुमार, मृतक के पिता
खलिहान में लगी आग: मृतक के पिता विकास कुमार ने बताया कि 2 दिन पहले ही विक्रम थाना क्षेत्र के चचासी गांव से अपने घर मसौढ़ी के दनाडा आये थे. मेरे दोनों बच्चे बहन के यहां रहकर पढ़ाई करता था. आधार कार्ड बनवाने के लिए अपने दोनों बच्चों को भी लाया था. हमलोग खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान खलिहान में आग लग गयी.
छानबीन में जुटी पुलिस: बहरहाल घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भगवानगंज पुलिस पहुंची है. पूरे मामले की छानबीन में जुट गयी है. आग कैसे लग इसको लेकर छानबीन की जा रही है. एक ही साथ दो बच्चों की मौत से लोग मर्माहत हैं. भगवानगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
“आग लगने से दो बच्चों की मौत हो गई है. झोपड़ी में ये दोनों बच्चे खेल रहे थे. एक 7 साल का बच्चा है. एक ढाई साल की बच्ची है. आग कैसे लगी है, अभी तक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है.” – सुजीत कुमार, थानाध्यक्ष, भगवानगंज