यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी पिंकू
लखनऊ नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को एक व्यापक, सघन एवं बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों, फुटपाथों और बाजार क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
जोन-3 क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के निर्देश में प्रवर्तन दल 296 टीम के साथ टेढ़ी पुलिया से गायत्री मंदिर तक बांयी पटरी पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए लगभग 50 सब्जी एवं फल की दुकानों को हटाया गया। साथ ही अतिक्रमण करने वालों से ₹4500 का जुर्माना वसूला गया। इस कार्रवाई से सड़क पर यातायात व्यवस्था सुचारू हुई और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिली।
इसी क्रम में नगर निगम जोन-05 क्षेत्र के अंतर्गत भी व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। यह अभियान चंदर नगर स्टेट बैंक से जय प्रकाश नगर चौराहा, नटखेड़ा रोड होते हुए आलमबाग चौराहे तक संचालित किया गया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा किए गए अस्थायी अवैध अतिक्रमण जैसे ठेले, ठेलिया, खुमचा, गुमटी, काउंटर आदि को हटाया गया।
इस अभियान में कुल 08 ठेले, 04 गुमटी, 03 काउंटर हटाए गए तथा 04 प्लास्टिक स्टूल और 03 प्लास्टिक क्रेट जब्त किए गए। अतिक्रमणकारियों को भविष्य में पुनः अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही अतिक्रमण के विरुद्ध ₹1700 शमन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त गंदगी और पॉलीथीन के प्रयोग के विरुद्ध अभियान चलाते हुए ₹1000 का अतिरिक्त शमन शुल्क भी वसूला गया।
यह अभियान जोनल अधिकारी जोन-05 श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्री धीरेन्द्र प्रताप सिंह, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल (296) एवं पुलिस बल की सक्रिय सहभागिता रही। संयुक्त कार्रवाई के माध्यम से पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया गया।