नगर निगम का सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान: कई जोनों में कार्रवाई, अवैध ठेले, गुमटी और काउंटर हटाए गए

Spread the love


यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर निगम ने शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण, यातायात अवरोध और सार्वजनिक स्थलों पर हो रहे अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को एक व्यापक और बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, चौराहों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना रहा।

नगर निगम जोन-1 क्षेत्र अंतर्गत जोनल अधिकारी श्री ओ.पी. सिंह, कर अधीक्षक श्री अनुराग उपाध्याय तथा प्रवर्तन विभाग की 296 टीम के नेतृत्व में एक सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान बार्लिंटन चौराहे से प्रारंभ होकर विकास दीप, के.के.सी., बापू भवन, स्मार्ट सिटी, नूर मंजिल, बालाकदर, हरिओम मंदिर होते हुए नावेल्टी चौराहे से नगर निगम मुख्यालय तक संचालित किया गया। इस दौरान ध्वनि उद्घोषणा के माध्यम से दोपहिया, चारपहिया वाहनों एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके।

इसी क्रम में जोन-3 क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के निर्देशन में 296 टीम के साथ वर्मा पेट्रोल पंप से आदर्श कॉम्प्लेक्स, इंजीनियरिंग चौराहे तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 10 चाय ठेले एवं 3 फास्ट फूड काउंटर हटाए गए। साथ ही 4 लोहे एवं स्टील के काउंटर, 2 कुर्सियां तथा 1 बैटरी जब्त की गई। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से किए गए अस्थायी कब्जों को हटाकर आम जनता के लिए रास्ते को सुगम बनाया गया।

जोन-6 क्षेत्र अंतर्गत वार्ड बालागंज चौराहे के चारों ओर अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस अभियान में 20 ठेले, 4 गुमटी, 4 काउंटर, 15 अस्थायी दुकानों को हटवाया गया। साथ ही 2 टायर, 1 लकड़ी की बेंच, 2 पानी की पेटी सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। इस कार्रवाई का नेतृत्व जोनल अधिकारी श्री अमरजीत यादव ने किया, जिसमें कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, कर निरीक्षक श्री धर्मदेव तथा 296 टीम उपस्थित रही।अतिक्रमणकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण न करें।

वहीं जोन-7 क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में कंचना बिहारी मार्ग से बसेरा मोड़ तक तथा बस्तौली पार्क के आसपास नाली, नाले और सड़क की दोनों पट्टियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान 4 ठेलियां, 2 तराजू, 2 टेबल, प्लास्टिक के 5 कैरेट जब्त किए गए तथा 4 काउंटर, 5 ठेले, 3 ठेलियां और 3 गुमटियों को हटाया गया। इस कार्रवाई में कर अधीक्षक श्री विनय मौर्य, ईटीएफ टीम और 296 टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *