यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ: नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर गुरुवार को नगर निगम की विभिन्न जोनों की टीमों द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। नगर निगम द्वारा लगातार नागरिकों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
जोन-07 क्षेत्र में नगर आयुक्त के निर्देशानुसार जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री अजीत कुमार राय के नेतृत्व में कंचना बिहारी मार्ग, सहेली साड़ी वाली रोड, कल्याणपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री रूपेन्द्र भास्कर, श्री बृजेश प्रजापति एवं श्रीमती संचिता मिश्रा की सक्रिय भूमिका रही। अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों में प्रतिबन्धित सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथीन का उपयोग पाया गया।
जांच के दौरान ओम स्वीट्स, न्यू श्याम डेरी और श्री श्याम जनरल स्टोर जैसे प्रतिष्ठानों के भीतर प्रतिबन्धित पॉलीथीन पाई गई, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए प्लास्टिक/पॉलीथीन जब्त की गई तथा नियमानुसार जुर्माना अधिरोपित किया गया। इस कार्रवाई के अंतर्गत प्रतिबन्धित पॉलीथीन/प्लास्टिक के उपयोग पर 16,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा लगभग 2.5 किलोग्राम पॉलीथीन जब्त की गई। वहीं गंदगी फैलाने के मामलों में 5,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 21,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
इसी क्रम में जोन-08 क्षेत्र में भी नगर आयुक्त के आदेशानुसार गंदगी एवं प्रतिबन्धित प्लास्टिक के प्रयोग, परिवहन, भण्डारण एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान चलाया गया। जोन-08 के अंतर्गत वृन्दावन सेक्टर-5, साउथ सिटी अंडरपास और तेलीबाग चौराहे के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 13 चालान किए गए तथा कुल 10,600 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसमें गंदगी फैलाने पर 5,100 रुपये तथा प्रतिबन्धित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, विक्रय एवं भण्डारण पर 5,500 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। लगभग 25 दुकानों के निरीक्षण के दौरान करीब 1 किलो 200 ग्राम पॉलीथीन जब्त की गई।
यह अभियान जोनल सेनेटरी अधिकारी जोन-08 श्री जितेंद्र गांधी के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मो. नईम तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्येन्द्र नाथ, मीरा राव और वीरभद्र सिंह उपस्थित रहे।
नगर निगम की टीम ने संबंधित दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में प्रतिबन्धित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें और स्वच्छता नियमों का पालन करें, अन्यथा और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।