नगर आयुक्त का जोन-पांच कार्यालय का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शुक्रवार सुबह नगर निगम के जोन-5 जोनल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में कुछ कर्मचारियों की उपस्थिति समय पर नहीं पाई गई। सुबह 11 बजे तक कई कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए नगर आयुक्त महोदय ने स्वयं अटेंडेंस रजिस्टर की जांच की और अनुपस्थित कर्मचारियों के नाम के सामने “एब्सेंट” अंकित करते हुए उन्हें अनुपस्थित घोषित किया और एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने पूरे जोनल कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय भवन की स्थिति कई जगहों पर संतोषजनक नहीं पाई गई। कई स्थानों पर दीवारें जर्जर अवस्था में थीं, प्लास्टर उखड़ा हुआ था और रख-रखाव की स्थिति कमजोर नजर आई।

नगर आयुक्त महोदय ने इन सभी खामियों को गंभीरता से लेते हुए जोनल अधिकारी को निर्देशित किया कि कार्यालय परिसर में आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ कराए जाएं तथा जर्जर दीवारों को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए, ताकि कर्मचारियों और आमजन को सुरक्षित व बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यालय की स्वच्छता, रख-रखाव और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने जोन-5 की टैक्स वसूली व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में संपत्ति कर (हाउस टैक्स) वसूली की प्रगति, बकाया कर, तथा लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धि की जानकारी ली गई। साथ ही म्यूटेशन (नामांतरण) से जुड़ी लंबित फाइलों की पेंडेंसी की भी समीक्षा की गई। नगर आयुक्त महोदय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और अनावश्यक देरी को समाप्त किया जाए।

नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने टैक्स वसूली को नगर निगम की आर्थिक मजबूती से जोड़ते हुए कहा कि राजस्व वृद्धि नगर विकास कार्यों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टैक्स वसूली बढ़ाने के लिए सख्त रणनीति अपनाने, फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही ही एक बेहतर प्रशासन की पहचान है और नगर निगम की कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *