यूपी लाइव न्यूज 24 प्रदेश जनहित खबर उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ। न्यू हैदरगंज द्वितीय एवं तृतीय वार्ड में शनिवार को बुद्धेश्वर पोर्टेबल कम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन का उद्घाटन माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से इस आधुनिक सुविधा को क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ नगर निगम एवं लखनऊ स्वच्छता अभियान से जुड़े अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में पार्षद श्री धर्मेंद्र सिंह जी, पार्षद श्री विनोद यादव जी, मंडल उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योति सिंह जी, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव जी, जोनल अधिकारी श्री अमरजीत यादव जी, पर्यावरण अभियंता श्री संजीव प्रधान जी, लखनऊ स्वच्छता अभियान के प्रोजेक्ट हेड श्री अभय रंजन जी, श्री ए.के. वर्मा जी तथा मंच संचालिका श्रीमती शालिनी अग्रवाल जी सहित नगर निगम और लखनऊ स्वच्छता अभियान की पूरी टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने इस पहल को शहर की स्वच्छता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम लखनऊ स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर नवाचार कर रहा है। पोर्टेबल कम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन के माध्यम से कचरा प्रबंधन को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा रहा है। इससे खुले में कचरा फेंकने की समस्या से निजात मिलेगी और क्षेत्र की साफ-सफाई में उल्लेखनीय सुधार होगा।
यह ट्रांसफर स्टेशन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के अंतर्गत लखनऊ स्वच्छता अभियान प्रा. लि. द्वारा संचालित किया जा रहा है। लखनऊ नगर निगम द्वारा शहर के पांच जोनों में अपशिष्ट प्रबंधन सेवाओं के लिए यह अनुबंध दिया गया है, जिसके अंतर्गत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सेकेंडरी कलेक्शन एवं परिवहन, सड़क और गलियों की सफाई, नालियों की सफाई तथा पोर्टेबल एवं फिक्स्ड कम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण एवं संचालन शामिल है।
कुल 35 साइटें प्रस्तावित हैं, जिनमें से 19 साइटें पूर्ण कर चालू कर दी गई हैं। न्यू हैदरगंज द्वितीय एवं तृतीय वार्ड की यह 20वीं साइट है, जिसका उद्घाटन किया गया। शेष 15 साइटों पर निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है, जिन्हें फरवरी/मार्च 2026 तक पूर्ण कर संचालन में लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस पोर्टेबल कम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन में दो पोर्टेबल कम्पैक्टर लगाए गए हैं, जिनकी हाइड्रोलिक क्षमता 20 घन मीटर है। निर्माण वाहन हाइवा कंपनी के हैं, जबकि वाहक वाहन की क्षमता 15 से 16 घन मीटर है। ट्रक भारत बेंज कंपनी के हैं, जिनकी लोडिंग क्षमता 35 जीवीडब्ल्यू है।