सिंगल यूज प्लास्टिक और गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम की सख्त कार्रवाई, विभिन्न जोनों में चला विशेष अभियान

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर बुधवार को लखनऊ नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न जोनों में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग एवं गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ बनाए रखना, प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाना और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।

जोन-2 में जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री रामसकल यादव के नेतृत्व में राजेन्द्र नगर, ऐशबाग पुल के नीचे सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री राजेश कुमार कुशवाहा, श्री देवेन्द्र कुमार वर्मा एवं 296 प्रवर्तन दल की टीम द्वारा कुल 19 दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक के प्रयोग पर 03 चालान करते हुए 13,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं अतिक्रमण एवं गंदगी फैलाने के मामलों में 07 चालान कर 26,500 रुपये का शमन शुल्क वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराया गया।

इसी क्रम में जोन-3 में जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री मनोज यादव द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत पुरनिया से सब्जी मंडी के पीछे तक पॉलीथीन रोकथाम एवं गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में गंदगी फैलाने के मामलों में 08 चालान के माध्यम से 12,000 रुपये, तथा प्रतिबंधित पॉलीथीन पाए जाने पर 11 चालान कर 16,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 19 चालानों के माध्यम से 28,000 रुपये नगर निगम कोष में जमा कराए गए। अभियान के दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री प्रमोद कुमार गौतम, श्री पुष्कर सिंह पटेल, 296 प्रवर्तन दल के कार्मिक एवं क्षेत्रीय सुपरवाइजर की संयुक्त टीम उपस्थित रही।

जोन-8 में भी गंदगी एवं प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग, परिवहन, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई की गई। आशियाना पावर हाउस चौराहा, खजाना मार्केट चौराहा, रतनखण्ड एवं रुचिखण्ड क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान कुल 12 चालान करते हुए 8,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसमें गंदगी फैलाने पर 2,500 रुपये तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग एवं विक्रय पर 6,000 रुपये का अर्थदंड शामिल है। इस दौरान लगभग 28 दुकानों का निरीक्षण किया गया और 1 किलो 200 ग्राम पॉलीथीन जब्त की गई। यह अभियान जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री जितेंद्र गांधी के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मो. नईम, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्येन्द्र नाथ, मीरा राव एवं वीरभद्र सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *