यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ: नगर निगम ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को एक व्यापक और बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों एवं फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात उपलब्ध कराना रहा। अभियान के अंतर्गत नगर निगम के विभिन्न जोनों में एक साथ कार्रवाई की गई।
जोन-1 में जोनल अधिकारी श्री ओम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में टीम द्वारा लालबाग नूर मंजिल से कैसरबाग चौराहे तक तथा श्रीराम टावर के आसपास अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क किनारे लगाए गए कई ठेले और अवैध रूप से रखा गया सामान जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल (296 टीम) की सक्रिय उपस्थिति रही।
जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के निर्देश पर कपूरथला से नेहरू बाल वाटिका तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से संचालित लगभग 50 फल एवं 25 सब्जी की दुकानों को हटाया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिली।
जोन-6 में जोनल अधिकारी श्री अमरजीत यादव के नेतृत्व में वार्ड हुसैनाबाद एवं हैदरगंज तृतीय क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान कोनेश्वर मंदिर से मालीखां सराय चौराहा तथा तहसीनगंज चौराहे से छोटे इमामबाड़े तक अवैध रूप से किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान 20 ठेले, 5 काउंटर, 14 अस्थायी दुकानें हटवाई गईं, जबकि 2 टायर, 3 कुर्सियां और 4 स्टूल जब्त किए गए। अतिक्रमणकर्ताओं को भविष्य में पुनः अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई। इस कार्रवाई में कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, कर निरीक्षक श्री धर्मदेव एवं 296 टीम उपस्थित रही।
इसी प्रकार जोन-7 में जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में नाली, नालों एवं सड़कों की दोनों पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। गुडंबा थाने से मुंशीपुलिया के आसपास एवं जगरानी पुल के नीचे कार्रवाई करते हुए 2 लोहे के काउंटर, 1 ठेलिया, 2 लकड़ी की मेज, 4 टेबल और 4 कुर्सियां जब्त की गईं। साथ ही 3 काउंटर, 4 ठेले, 3 ठेलियां और 1 गुमटी हटाई गईं। इस कार्रवाई में कर अधीक्षक श्री विनय मौर्य, ईटीएफ टीम एवं 296 प्रवर्तन दल मौजूद रहा।